Type Here to Get Search Results !

सम्पर्क अभियान के माध्यम से उपभोक्ताओं की समस्याओं का होगा निराकरण

 सम्पर्क अभियान के माध्यम से उपभोक्ताओं की समस्याओं का होगा निराकरण


गुना 

शासन के निर्देशानुसार “आमजन को पहले सेवा” और अनुशासन के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से विद्युत वितरण कंपनी द्वारा जिले में वर्षभर “सम्पर्क अभियान (SAMPARK ABHIYAN)” संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ता सेवाओं में सुधार, उपभोक्ता संतुष्टि में वृद्धि तथा विद्युत हानियों को कम करते हुए कंपनी की वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करना है।

अभियान के माध्यम से शासन की “GYAN” पहल के प्रमुख स्तंभों गरीब, युवा, अन्नदाता/किसान एवं नारी शक्ति को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराते हुए विद्युत आपूर्ति संबंधी चुनौतियों का निराकरण किया जाएगा।

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा अभियान के सफल संचालन एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए जिला प्रशासन एवं विद्युत वितरण कंपनी के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने हेतु विभिन्न निर्देश जारी किए गए हैं।

जारी आदेशानुसार समस्त ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक विद्युत विभाग द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार क्लस्टर शिविरों में आवश्यकतानुसार उपस्थित रहेंगे। वे उपभोक्ताओं को बकाया विद्युत बिलों के भुगतान हेतु प्रेरित करेंगे तथा मौके पर शिकायतों के निराकरण में सहयोग प्रदान करेंगे।

शहरी क्षेत्रों में संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारी शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करेंगे, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता अपनी समस्याओं का समाधान करा सकें एवं विद्युत बिलों का भुगतान कर सकें।

अभियान के अंतर्गत उपभोक्ताओं के प्रमाणीकरण एवं स्थानीय समन्वय के लिए पंचायत अमला विद्युत विभाग के कर्मचारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। इससे “GYAN” वर्ग के पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सकेगा तथा विवादित विद्युत बिलों का मौके पर निराकरण किया जा सकेगा।

कलेक्टर द्वारा समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे शिविरों में ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों की उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.