Type Here to Get Search Results !

क्षमता विकास पर दें जोर, अधीनस्थों की कार्यक्षमता बढ़ाना भी अधिकारियों की जिम्मेदारी : कलेक्टर

 क्षमता विकास पर दें जोर, अधीनस्थों की कार्यक्षमता बढ़ाना भी अधिकारियों की जिम्मेदारी : कलेक्टर

निचले स्तर पर ही सुलझें आमजन की समस्याएं, 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को समाधान पर लाकर पेंडेंसी शून्य करने के निर्देश


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने अधिकारियों से कहा है कि प्रशासनिक कार्यों में बेहतर परिणाम के लिए क्षमता विकास (कैपेसिटी बिल्डिंग) पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। अधिकारी स्वयं को लगातार अपडेट रखें और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के कौशल विकास पर भी कार्य करें, ताकि उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि हो सके। उन्होंने विभिन्न शासकीय पोर्टलों पर उपलब्ध प्रशिक्षण एवं पाठ्यक्रमों का उपयोग करने की सलाह दी।

सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि जनसुनवाई में बड़ी संख्या में प्रकरणों का पहुंचना इस बात का संकेत है कि कई मामलों में समस्याओं का निचले स्तर पर समय पर निराकरण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व, पंचायत, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर स्थानीय स्तर पर ही समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही नागरिक सेवा गारंटी के अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश भी दिए।

50 दिन से अधिक पुरानी शिकायतों पर फोकस, योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों को समाधान की स्थिति में लाने के लिए विभागीय स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए और लंबित प्रकरणों की संख्या न्यूनतम की जाए।

बैठक में 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिले का मुख्य योग कार्यक्रम हनुमान टेकरी मंदिर परिसर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिला प्रशासन, पुलिस विभाग तथा आमजन की सहभागिता रहेगी। 

बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.