नपा में वेतन संकट, अध्यक्ष को कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन, सीएमओ न होने से अटका भुगतान
गुना।
नगर पालिका गुना में मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) का पद रिक्त होने के कारण कर्मचारियों के वेतन सहित अन्य आवश्यक सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। सोमवार दोपहर नगर पालिका कर्मचारी नेता देव कुमार सहित अन्य सफाई मेंटों ने नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द वेतन जारी करने की गुहार लगाई। कर्मचारी नेता देव कुमार ने बताया कि जून का महीना शुरू होते ही बच्चों के स्कूल खुल रहे हैं, जिससे उनके सामने बच्चों की फीस, किताबें, यूनिफॉर्म और बस्ते खरीदने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। इसके अलावा, हर महीने सैलरी में हो रही देरी की वजह से कर्मचारियों के होम लोन और पर्सनल लोन की किस्तें समय पर जमा नहीं हो पा रही हैं, जिससे उनका बैंक सिबिल स्कोर खराब हो रहा है। इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि वे अब तक तीन बार शासन को पत्र लिख चुकी हैं और इस ज्ञापन के जरिए भी तत्काल सरकार को वस्तुस्थिति से अवगत कराएंगी। उन्होंने कहा कि गुना नगर पालिका में नियमित सीएमओ न होने से बिजली-डीजल के बिल और वेतन भुगतान जैसे जरूरी काम ठप हैं। उन्होंने शासन से जल्द से जल्द यहां सीएमओ की व्यवस्था करने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि पिछले बीस दिनों से गुना नगरपालिका में सीएमओ नहीं है। जिसके चलते लगभग सभी काम ठप्प हैं।
