Type Here to Get Search Results !

मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस की नशीरपुर गांव में नशे के अवैध करोबार में संलिप्त तीन सौदागरों पर कार्यवाही, करीब ढेड़ किलो गांजा बरामद

*नशे के विरुद्ध गुना पुलिस की सतत एवं प्रभावी कार्यवाही*

मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस की नशीरपुर गांव में नशे के अवैध करोबार में संलिप्त तीन सौदागरों पर कार्यवाही, करीब ढेड़ किलो गांजा बरामद

*वहीं दूसरी ओर मानवीय पहल करते हुए नशे से ग्रसित नसीरपुर के 05 लोगों का नशा मुक्ति केंद्र में कराया दाखिला*

               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में नशे के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । जहां एक ओर नशे का अवैध कारोबार करने वालों के विरुद्ध लगातार कठोर कार्यवाहियां की जा रही हैं । वहीं दूसरी ओर मानवीयता दिखाते हुए नशे की गिरफ्त में आए लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए उन्हें जरूरी उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है ।

               हाल ही में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा जिले के मधुसूदनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नसीरपुर में "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया था । कार्यक्रम के दौरान ग्राम की अनेक महिलाओं ने बताया था कि उनके परिवार के सदस्य नशे की लत के शिकार हो चुके हैं, जिसके कारण उनके परिवार आर्थिक तंगी, मानसिक तनाव एवं सामाजिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं । इस दौरान महिलाओं ने गांव में नशे का अवैध कारोबार करने वाले व्यक्तियों के साथ-साथ नशे का सेवन करने वालों के विरुद्ध भी कार्यवाही किए जाने का आग्रह किया था । उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने यथाशीघ्र प्रभावी कार्यवाही का आश्वासन देते हुए तत्काल मधुसूदनगढ़ थाना प्रभारी को निर्देशित किया था कि ग्राम में नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों तथा नशा बेचने वालों की सूची तैयार की जाए । साथ ही नशे के शिकार लोगों को उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों का नशामुक्ति शिविर आयोजित कर उनकी काउंसलिंग कराई जाए तथा आवश्यक औषधियां उपलब्ध कराई जाएं । इसके अतिरिक्त गांव एवं आसपास के क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्यावाही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए ।

               जिसके क्रम में मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस द्वारा सुनियोजित कार्ययोजना बनाकर दिनांक 30 जुलाई 2026 को उकावद चौकी परिसर में विशेष निःशुल्क नशामुक्ति चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का आयोजन कराया गया । शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा नशे की लत से प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उनकी काउंसलिंग की गई तथा आवश्यक औषधियां उपलब्ध कराई गईं ।

               शिविर के दौरान कुछ व्यक्तियों की स्थिति गंभीर पाई गई । ऐसे लोगों को मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस ने सतत समझाइश एवं परामर्श देकर उपचार के लिए प्रेरित किया । परिणामस्वरूप आज गांव के गंभीर रूप से नशे की लत से ग्रसित 05 व्यक्तियों को गुना स्थित मन अस्पताल एवं नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉ. भाटी के मार्गदर्शन में उनका उपचार प्रारंभ कर दिया गया है । यह पहल न केवल नशामुक्त समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज के प्रति पुलिस की संवेदनशील एवं मानवीय कार्यशैली का भी उत्कृष्ट उदाहरण है ।

               अभियान की अगली कड़ी में पुलिस ने क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार करने वाले तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही प्रारंभ कर दी है । इसी क्रम में गत दिनांक 03 अगस्त 2026 की रात्रि में मुखबिर से प्राप्त सूचना पर मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्यावाही करते हुए ग्राम नसीरपुर में बाइक से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों 1-सुनील पुत्र मूलचंद लोधी उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम खैराड़ थाना मधुसूदनगढ़ एवं 2-मनोज पुत्र दशरथ सिंह शर्मा उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम नसीरपुर थाना मधुसूदनगढ़ को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.464 किलोग्राम गांजा कीमती 30 हजार रूपये का बरामद किया । पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गांजा उपलब्ध कराने वाले विक्रेता का नाम भी बताया है । प्राप्त तथ्यों के आधार पर तीनों आरोपियों के विरुद्ध मधुसूदनगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 115/26 धारा 8/20, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है । पुलिस द्वारा आरोपियों के अन्य साथियों, गांजा तस्करी के नेटवर्क एवं इसके स्रोतों की विस्तृत जांच की जा रही है । क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी ।

               गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशे के शिकार लोगों को उपचार और नया जीवन मिलेगा, जबकि नशे का कारोबार करने वालों के विरुद्ध कानून का कठोरतम प्रहार लगातार जारी रहेगा ।

               मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यावही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गोपाल चौबे, उकावद चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रवि भिलाला, उपनिरीक्षक जगदीश जाटव, आरक्षक जसवंत सौंधिया, आरक्षक लोकेन्द्र यादव, आरक्षक नीतेश भील, आरक्षक अजराज अजनार, आरक्षक अंकित चतुर्वेदी, आरक्षक रामनिवास, आरक्षक विनीत मौर्य, आरक्षक सूरज अहिरवार, आरक्षक आकाश सिकरवार एवं एसएएफ आरक्षक रविन्द्र सिंह का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा है ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.