निःशुल्क हृदय रोग शिविर में 115 मरीजों की जांच
75 मरीजों की ईसीजी, सभी मरीजों की ब्लड प्रेशर एवं शुगर जांच
गुना
रेडक्रॉस सोसाइटी गुना द्वारा अपोलो हॉस्पिटल, इंदौर के सहयोग से शनिवार को निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अपोलो हॉस्पिटल, इंदौर के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक राठौर ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। शिविर में कुल 115 मरीजों की जांच की गई।
शिविर में जिला चिकित्सालय के सहयोग से सभी मरीजों की ब्लड प्रेशर एवं शुगर जांच की गई, जबकि 75 मरीजों की ईसीजी जांच भी की गई। जिला चिकित्सालय के मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. राम राजपूत एवं आरएमओ डॉ. प्रकाश धाकड़ ने शिविर में सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर डॉ. अभिषेक राठौर ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार एवं व्यायाम के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने हृदय रोगों से बचाव के उपाय बताए तथा उपस्थित लोगों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण भी दिया।
कार्यक्रम का संचालन संजय राठी ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. लखन धाकड़ ने किया। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी, चिकित्सक एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
