मेरा स्वास्थ्य, मेरा अभिमान’ में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी
गुना,
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में मेरा युवा भारत (MY Bharat) केंद्र गुना द्वारा जिला स्वास्थ्य विभाग एवं रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” 100 संडे अभियान के अंतर्गत “मेरा स्वास्थ्य, मेरा अभिमान” थीम पर रविवार को रेडक्रॉस भवन, जिला चिकित्सालय गुना में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में युवाओं ने स्वास्थ्य जांच, जागरूकता गतिविधियों एवं सीपीआर प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लिया। डॉ. पी. बुनकर ने संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, शारीरिक सक्रियता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की जानकारी दी। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की नोडल अधिकारी श्रीमती विनीता सोनी एवं श्री लाल सिंह धाकड़ ने नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा युवाओं ने नशामुक्ति का संकल्प लिया।
डॉ. ए.पी. धाकड़ ने तंबाकू एवं पान-मसाले के दुष्प्रभावों तथा दंत स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी दी। डॉ. अरुणा रघुवंशी एवं श्रीमती रेखा शर्मा, आरकेएसके परामर्शदाता द्वारा युवाओं का बीएमआई, वजन एवं हीमोग्लोबिन परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। कम हीमोग्लोबिन वाले युवाओं को आगे की जांच के लिए रिफर किया गया। लैब तकनीशियन श्री सूरज सिंह धाकड़ ने रक्त जांच एवं ब्लड ग्रुप निर्धारण की जानकारी दी।
रेडक्रॉस सोसायटी के विशेषज्ञों ने युवाओं को सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया, जिससे उन्हें आपात स्थिति में प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता की जानकारी प्राप्त हुई।
कार्यक्रम के अंत में जिला युवा अधिकारी श्री तनिष्क सक्सैना ने जिला स्वास्थ्य विभाग, रेडक्रॉस सोसायटी एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
