अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई
सिंगवासा क्षेत्र से 83 लीटर हाथभट्टी मदिरा एवं मोटरसाइकिल जब्त
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं संभागीय उपायुक्त आबकारी श्री संदीप शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रह एवं परिवहन के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी श्री गुरुप्रसाद केवट के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त गुना-1 के प्रभारी राधाकिशन अटारिया के नेतृत्व में सिंगवासा स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास कार्रवाई करते हुए एक किशोर को अवैध मदिरा का परिवहन करते हुए पकड़ा गया।
आबकारी विभाग को सूचना प्राप्त होने पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखी चार बोरियों एवं एक झोले में एक-एक लीटर क्षमता वाले पाउच में भरी हाथभट्टी मदिरा बरामद हुई। माप करने पर कुल 83 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त की गई। मदिरा के नमूने परीक्षण के लिए सुरक्षित किए गए।
आबकारी विभाग ने किशोर को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया। मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान अवैध मदिरा एवं एक मोटरसाइकिल सहित लगभग 75 हजार रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई। अभियान में आबकारी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
