गुना
सीईओ जिला पंचायत गुना श्री अभिषेक दुबे की अध्यक्षता में आज जिला कलेक्ट्रेट सभागार में कौशल विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला रोजगार अधिकारी श्री बीएस मीना, आईटीआई गुना की प्राचार्य श्वेता कुशवाह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्राचार्य शासकीय आईटीआई, श्रीमती श्वेता कुशवाह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले की सभी आईटीआई में 100 प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित किया गया है। साथ ही विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा भी की गई। उन्होंने बताया कि शासकीय आईटीआई गुना में विद्युत लोड बढ़ाने की आवश्यकता है तथा ड्रॉपआउट रेट कम करने के लिए स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एनसीवीटी/एससीवीटी परीक्षाओं की तैयारी भी सुव्यवस्थित रूप से कराई जा रही है।
बैठक में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY 4.0) के अंतर्गत सोलर लाइटिंग असेंबलर ट्रेड में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी गई। वहीं पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत ब्लैकस्मिथ ट्रेड में 14 प्रशिक्षुओं का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 75 प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण देकर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए हैं। मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना भी जिले में सुचारू रूप से संचालित हो रही है। इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में शासकीय आईटीआई गुना में 50 कंप्यूटरों की लैब तैयार कर ली गई है तथा 100 कंप्यूटरों की नई लैब के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
बैठक में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। तकनीकी विषयों को वीडियो और एनीमेशन के माध्यम से समझाना, वेल्डिंग, फिटर और इलेक्ट्रिशियन जैसे ट्रेड में प्रैक्टिकल डेमो को पहले डिजिटल रूप में प्रदर्शित करना, तथा छात्रों की रुचि और सहभागिता बढ़ाने जैसे बिंदुओं पर सहमति बनी। साथ ही ऑनलाइन टेस्ट और क्विज, राष्ट्रीय स्किल पोर्टल एवं ई-कंटेंट के उपयोग को बढ़ावा देने, प्रत्येक ट्रेड में सप्ताह में कम से कम एक स्मार्ट क्लास आयोजित करने, प्रशिक्षण अधिकारियों को डिजिटल कंटेंट तैयार करने का प्रशिक्षण देने तथा स्मार्ट क्लास रजिस्टर के संधारण और विद्यार्थियों को डिजिटल लर्निंग सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में कौशल विकास को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए युवाओं को अधिक सक्षम और रोजगारोन्मुख बनाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये गये।
