झाझौन से गुलाब चौपाल अभियान की शुरुआत, पॉलीहाउस खेती पर जोर
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के निर्देशन में उद्यानिकी विभाग द्वारा ग्राम पंचायत भवन झाझौन से 01 अप्रैल को गुलाब चौपाल अभियान की शुरुआत की गई, जिसके तहत जिले के विभिन्न ग्रामों में किसानों को आधुनिक उद्यानिकी तकनीकों से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र के किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में उप संचालक उद्यान श्री के.पी.एस. किरार, सरपंच श्री लक्ष्मण सिंह यादव, पोलीहाउस तकनीकी शाखा के जिला प्रभारी श्री मनोज राठौर, वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी (विकासखंड आरोन) श्री हरेंद्र रघुवंशी, दीक्षा ग्रीनहाउस के डायरेक्टर श्री प्रदीप परिहार, ग्रीनटेक पॉलीहाउस के डायरेक्टर श्री गोविंद द्विवेदी तथा ड्रिप, मल्चिंग एवं स्प्रिंकलर के डीलर्स श्री बबलू किरार एवं श्री प्रदीप शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
चौपाल में किसानों को पॉलीहाउस निर्माण, गुलाब की उन्नत खेती, बैंक ऋण प्रक्रिया, विपणन, विभागीय सब्सिडी योजनाएं, ड्रिप एवं मल्चिंग अनुदान तथा सब्जियों की वैज्ञानिक खेती पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
उप संचालक उद्यान श्री के.पी.एस. किरार ने बताया कि पॉलीहाउस में गुलाब की खेती से किसान प्रति एकड़ लगभग 14–15 लाख रुपये तक शुद्ध लाभ अर्जित कर रहे हैं, जो परंपरागत खेती की तुलना में कई गुना अधिक है। उन्होंने यह भी बताया कि चयनित पॉलीहाउसों में सेंसर बेस्ड ऑटोमेशन फर्टिगेशन सिस्टम स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे उत्पादन अधिक वैज्ञानिक एवं गुणवत्तापूर्ण होगा। उन्होंने जानकारी दी कि जिले के प्रगतिशील किसान निर्यात लाइसेंस प्राप्त कर गुलाबों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में भेजने की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही ग्राम बिलोनिया में लगभग 70 बीघा क्षेत्र में 15 करोड़ रुपये की लागत से गुलाब उत्पादन का उत्कृष्ट केंद्र विकसित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा पॉलीहाउस प्रबंधन, उन्नत किस्मों के चयन एवं बाजार आधारित उत्पादन पर जोर देते हुए किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
