*गुना पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गुना पुलिस का अवैधानिक गतिविधियों पर सख्त शिकंजा*
धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन देने वाले आरोपी पर कार्यवाही, एक गिरफ्तार
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा अवैधानिक गतिविधियों पर सतत निगाह रखते हुए इन गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध निरंतर कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में म्याना थाना पुलिस द्वारा धर्मांतरण के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है ।
उल्लेखनीय है कि गत दिनांक 10 अप्रैल 2026 को फरियादी बृजेश पुत्र हरिदास बैरागी निवासी ग्राम करोद ने म्याना थाना पुलिस को रिपोर्ट करते हुए बताया कि दिनांक 05 अप्रैल 2026 को वह अपने साथी के साथ ग्राम मोहनपुर में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे । उक्त स्थान पर एक बड़े पंडाल में कार्यक्रम आयोजित था, जहां विभिन्न बैनर एवं पोस्टर लगाए गए थे, कार्यक्रम के दौरान 5-6 व्यक्तियों द्वारा उपस्थित ग्रामीणों के सिर पर हाथ रखकर झाड़-फूंक एवं तथाकथित चमत्कार के माध्यम से उनकी बीमारियों एवं समस्याओं का इलाज करने का दावा किया जा रहा था । साथ ही यह भी बताया जा रहा था कि उनकी समस्त समस्याओं से मुक्ति पाने का एकमात्र उपाय एक विशेष धर्म को स्वीकार करना है । फरियादी द्वारा जानकारी लेने पर उक्त गतिविधियों में शामिल मुख्य व्यक्तियों के नाम उत्तम बरेला एवं विकास बरेला बताए गए, जबकि अन्य सहयोगियों के नाम ज्ञात नहीं हो सके । इस दौरान संबंधित व्यक्तियों द्वारा ग्रामीणों, विशेषकर भोले-भाले एवं आदिवासी वर्ग के लोगों को प्रलोभन एवं भय दिखाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। उन्हें यह भी विश्वास दिलाया जा रहा था कि धर्म परिवर्तन करने के बाद भी उनके नाम एवं जाति में कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा तथा वे शासकीय योजनाओं एवं आरक्षण का लाभ पूर्ववत प्राप्त करते रहेंगे । साथ ही उन्हें डराया जा रहा था कि यदि उन्होंने धर्म स्वीकार नहीं किया तो उनकी बीमारियां एवं समस्याएं समाप्त नहीं होंगी ।
म्याना थाना पुलिस ने उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध म्याना थाने में अपराध क्रमांक 80/26, धारा 3/5 मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया । म्याना थाना पुलिस द्वारा प्रकरण में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए आज दिनांक 11 अप्रैल 2026 को मुख्य आरोपी उत्तम बरेला पुत्र करण सिंह बरेला उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम अमरोही (मोहनपुर खुर्द) को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई है । पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है ।
म्याना थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया के नेतृत्व में ऊमरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रचना खत्री, प्रधान आरक्षक सुजीत सिकरवार, प्रधआन आरक्षक अतुल शर्मा, आरक्षक सुनील यादव, सुनील कुशवाह एवं आरक्षक रंजीत रमन की सराहनीय भूमिका रही है ।
