गुना पुलिस के साइबर जागरूकता अभियान 'सेफ क्लिक–2026' को मिल रही जनसहभागिता
*जिले में साइबर जागरूकता कार्यक्रमों का निरंतर और व्यापक आयोजन*
*विद्यार्थियों, व्यापारियों, महिलाओं एवं आमजन को बताए साइबर अपराधों से बचाव के उपाय, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने किया आह्वान*
साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिनांक 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक 15 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक-2026” संचालित किया जा रहा है । अभियान के आज चौथे दिन गुना पुलिस द्वारा जिले में व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों द्वारा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया ।
अभियान के तहत आज सिरसी थाना प्रभारी निरीक्षक अरविन्द सिंह गौर द्वारा अपने स्टाफ के साथ थाना क्षेत्र के ग्राम मार की महू में, महिला थाना पुलिस द्वारा गुना के हनुमान चौराहे पर कोर्ट के समीप, साइबर सेल टीम द्वारा गुना कलेक्ट्रेट पार्क में, बमौरी थाना पुलिस द्वारा बमौरी कस्बे के लक्ष्मीबाई चौराहे पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । इस दौरान युवाओं, महिलाओं तथा आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई ।
कार्यक्रमों में बताया गया कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड करने, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम/डेबिट-क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी अथवा पासवर्ड किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन ऑफर के झांसे में आने से बचें । साथ ही डिजिटल भुगतान करते समय सतर्कता बरतने एवं किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल संबंधित पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई ।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों के नए-नए तरीकों, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाओं, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, केवाईसी अपडेट, कस्टमर केयर फ्रॉड एवं अन्य ऑनलाइन ठगी के मामलों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए नागरिकों को जागरूक किया । लोगों को यह भी समझाया गया कि थोड़ी-सी सतर्कता अपनाकर अधिकांश साइबर अपराधों से बचा जा सकता है ।
गुना पुलिस द्वारा जागरूकता पुस्तिकाओं एवं पंपलेटों का वितरण कर नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई गईं तथा सभी से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें ।
गुना पुलिस का यह अभियान जिले में साइबर सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में प्रभावी सिद्ध हो रहा है । पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्यवाही करना ही नहीं, साथ ही जागरूकता के माध्यम से साइबर अपराधों की रोकथाम करना भी है । 'सेफ क्लिक–2026' अभियान के माध्यम से गुना पुलिस लगातार आमजन तक पहुंचकर सुरक्षित, सजग एवं जिम्मेदार डिजिटल समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी प्रयास कर रही है ।
