नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में गुना कोतवाली पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही
*मात्र 03 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी गिरफ्तार, जेल पहुंचा*
*महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति गुना पुलिस की प्रतिबद्धता, आरोपियों के विरुद्ध कठोर एवं वैधानिक कार्यवाही जारी*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इनके विरुद्ध घटित अपराधों के प्रति संवेदनशील एवं त्वरित कार्यवाही की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में गुना कोतवाली थाना पुलिस द्वारा थानांतर्गत एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रकरण त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए मात्र 03 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 12 जून 2026 को गुना कोतवाली में 16 वर्षीय एक नाबालिग बालिका द्वारा गुना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 11 जून 2026 को वह अपनी सहेली के साथ वाटर पार्क गई थी । वापसी के दौरान रास्ते में साजन कोरी निवासी बूढेबालाजी द्वारा वाटरपार्क में उसकी निजी गतिविधियों के फोटो/वीडियो परिवारजनों को बताकर बदनाम करने की धमकी दी गई । बाद में साजन कोरी द्वारा अपने साथी शिवा ठाकुर के सहयोग से उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक स्थान पर ले गए और जहां पर साजन कोरी द्वारा उसके साथ जबरदस्ती कर दुष्कर्म किया गया । जिसकी रिपोर्ट पर से आरोपीगण साजन कोरी एवं शिवा ठाकुर के विरुद्ध गुना कोतवाली में अप.क्र. 301/26 धारा 137(2), 65(1), 127(2), 351(3) बीएनएस एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा आरोपियों की शीघ गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए । निर्देशों के परिपालन में गुना कोतवाली थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में सक्रियता से जुट गई और इस हेतु अपने मुखबिर तंत्र को सुदृढ़ करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के सघन प्रयास किए गए । जिसके परिणाम स्वरूप घटना की रिपोर्ट के मात्र 03 घंटे के भीतर ही गत दिनांक 12 जून को रात्रि में प्रकरण के मुख्य आरोपी के संबंध में मुखबिर से प्राप्त पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा त्वरित और प्रभावी कार्यवाही करते हुए आरोपी साजन पुत्र स्व. लालसिंह कोरी उम्र 20 साल निवासी बूढेबालाजी गुना को गिरफ्तार कर लिया गया एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत आज दिनांक 13 जून 2026 को आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया । प्रकरण में फरार शेष आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा ।
गुना कोतवाली थाना पुलिस की इस सफल और त्वरित कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, उपनिरीक्षक सतीश वर्मा, प्रधान आरक्षक मनोज शर्मा, प्रधान आरक्षक उमेश शर्मा, आरक्षक जितेन्द्र वर्मा, आरक्षक शिवकुमार रघुवंशी एवं आरक्षक अभिषेक मडेरिया की विशेष भूमिका रही है ।
गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा । ऐसे मामलों में त्वरित, निष्पक्ष एवं कठोर कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी । महिला सुरक्षा एवं सम्मान की रक्षा हेतु गुना पुलिस पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है ।
