Type Here to Get Search Results !

योजनाबद्ध तरीके से हत्या करने के सात आरोपी गिरफ्तार

 योजनाबद्ध तरीके से हत्या करने के सात आरोपी गिरफ्तार 



अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट 


दुर्ग - पन्द्रह सौ रूपये उधारी लेन देन के विवाद के चलते योजनाबद्ध तरीके से पत्थर से सिर कुचलकर व कटर से वार कर हत्या करने के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को कुयें में फेंक कर मौके से फरार होने के सात आरोपियों (अपचारी बालकों) को थाना मोहन नगर पुलिस ने महज चौबीस घंटे के भीतर विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें बाल सम्प्रेक्षण गृह भेज दिया गया। 

                                    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार गत दिवस 18 जून की रात्रि लगभग साढ़े आठ बजे प्रार्थी दुर्गा सारथी को सूचना प्राप्त हुई कि पशु आहार किसान राईस मिल शक्ति नगर दुर्ग स्थित कुआं में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। पुलिस एवं स्थानीय लोगों द्वारा दिखाये गये फोटो के आधार पर शव की पहचान यशवंत सारथी (उम्र 26 वर्ष) के रूप में की गई। जांच में पाया गया कि अज्ञात आरोपियों द्वारा सिर पर कठोर वस्तु से मारकर एवं सीना , पेट व पीठ में कटर से वार कर हत्या की गई है। जिस पर थाना मोहन नगर में अपराध धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुये मोहन नगर पुलिस टीम द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुये महज चौबीस घंटे के भीतर घटना में शामिल सभी सात आरोपियों (अपचारी बालकों) को  गिरफ्तार कर लिया गया।‌ पूछताछ में विवाद का कारण यह सामने आया कि मृतक ने मुख्य आरोपी से 1,500 रुपये उधार लिये थे , जिसे बार-बार अनुरोध करने के बाद भी वह वापस नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर आरोपी के मन में विवाद ने जन्म लिया। योजना के तहत मुख्य आरोपी ने 17 जून की रात मृतक यशवंत सारथी को फोन करके घटनास्थल पर बुलाया और साथ ही अपने अन्य दोस्तों (सह-आरोपियों) को भी वहां बुला लिया। जैसे ही मृतक वहां पहुंचा , आरोपियों के समूह ने उसे पकड़ लिया और पास में पड़े पत्थर से उसका सिर कुचल दिया। इसके बाद आरोपियों ने कटर का उपयोग कर मृतक को गंभीर रूप से घायल किया और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को पास के कुयें में फेंक कर मौके से फरार हो गये। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना मोहन नगर पुलिस ने सभी आरोपियों (अपचारी बालकों) को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें बाल सम्प्रेक्षण गृह भेज दिया गया। उक्त अंधे कत्ल की गुत्थी को महज चौबीस घंटे के भीतर सुलझाकर सभी सात अपचारी बालकों को गिरफ्तार करने में थाना मोहन नगर पुलिस टीम के अधिकारी एवं कर्मचारियों की अत्यंत सक्रिय , त्वरित एवं प्रभावी भूमिका रही। 


गिरफ्तार आरोपीगण - 


सात अपचारी बालक (सभी नाबालिग उम्र 18 वर्ष से कम)


जप्त सामाग्री -


(घटना में प्रयुक्त पत्थर , कटर एवं अन्य संबंधित साक्ष्य/सामग्री की जप्ती पुलिस द्वारा विधिवत की गई है।)


दुर्ग पुलिस की अपील -


दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध , अवैध अथवा आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जायेगा और उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.