Type Here to Get Search Results !

सेफ क्लिक-2.0" अभियान के तहत गुना पुलिस का साइबर सुरक्षा के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान

 "सेफ क्लिक-2.0" अभियान के तहत गुना पुलिस का साइबर सुरक्षा के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान


*विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ चौपाल एवं जनसंवाद के माध्यम से दिया सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का संदेश*


*ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, OTP-UPI फ्रॉड एवं सोशल मीडिया धोखाधड़ी से बचाव के बताए प्रभावी उपाय*


*साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की दी सलाह*



                  मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित "सेफ क्लिक-2.0" साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत गुना पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक स्तर पर साइबर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं । गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में जिले में संचालित इस अभियान के तहत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों एवं आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है ।


                  इसी क्रम में अभियान के आज आठवें दिन गुना पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । साइबर सेल टीम ने राधा इंटरनेशनल स्कूल, गुना में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी । वहीं सिरसी थाना पुलिस द्वारा शारदा विद्या निकेतन हाई स्कूल ग्राम मार की महू में, जामनेर थाना पुलिस द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्राम बरसत, बमौरी थाना पुलिस द्वारा बमौरी कस्बे में, मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस द्वारा मधुसूदनगढ़ कस्बे में, विजयपुर थाना पुलिस द्वारा ग्राम बेलका में नुक्कड़ चौपालों के माध्यम से तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं एवं आमजन को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप और उनसे बचाव के उपायों से अवगत कराया गया । इसी प्रकार जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए ।


                  कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, OTP एवं UPI फ्रॉड, KYC अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी, सोशल मीडिया हैकिंग, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी तथा अन्य साइबर अपराधों की कार्यप्रणाली को सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया । साथ ही नागरिकों को इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई ।


               इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता पेम्फलेट भी वितरित किए गए तथा बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है तो वह बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराकर समय रहते आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकता है ।


                  गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि इस डिजिटल युग में सतर्कता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है । प्रत्येक नागरिक स्वयं जागरूक बने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें, ताकि एक सुरक्षित एवं साइबर-सक्षम समाज का निर्माण किया जा सके ।


*"सोचिए, परखिए, फिर क्लिक कीजिए — एक सुरक्षित क्लिक, एक सुरक्षित भविष्य"*

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.