एसडीएम आरोन ने पटवारियों की बैठक में राजस्व कार्यों की समीक्षा
गुना
अनुविभागीय अधिकारी आरोन सुश्री मंजुषा खत्री द्वारा तहसील के समस्त पटवारियों की बैठक लेकर राजस्व एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की पटवारीवार समीक्षा की गई। बैठक में प्रत्येक पटवारी से उनके हल्के से संबंधित जानकारी प्राप्त कर राजस्व प्रकरणों एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त मामलों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में आपदा अथवा क्षेत्र में घटित होने वाली किसी भी घटना की तत्काल सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराने तथा अपने-अपने हल्कों में सतत संपर्क एवं सक्रिय निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सभी पटवारियों से शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की अपेक्षा की गई।
