Type Here to Get Search Results !

गुना पुलिस का अपराधियों पर करारा प्रहार, धरनावदा थाना पुलिस की बड़ी कार्यवाही

 गुना पुलिस का अपराधियों पर करारा प्रहार, धरनावदा थाना पुलिस की बड़ी कार्यवाही


*चोरी की बाइक पर जहरीली कच्ची शराब की तस्करी करते दो शातिर पारदी बदमाश किए गिरफ्तार*


*आरोपियों से बेरखेड़ी के जंगल में बाईक सबार बुजुर्ग दंपत्ति से लूट तथा म्याना थाना क्षेत्र से एक बाईक चोरी का भी हुआ खुलाशा*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल, संवेदनशील एवं प्रभावी नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त और प्रभावी काय्रवाहियां की जा रहीं हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में धरनावदा थाना पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल पर अवैध कच्ची एवं जहरीली शराब की तस्करी कर रहे दो शातिर पारदी बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है । पुलिस की गहन एवं तथ्यपरक पूछताछ में आरोपियों से बाइक चोरी तथा बुजुर्ग दंपत्ति से लूट की दो सनसनीखेज वारदातों का भी खुलासा हुआ है ।


               उल्लेखनीय है कि दिनांक 03 जुलाई 2026 को धरनावदा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम गादेर हाईवे घाट के समीप जंगल में दो व्यक्ति एक पल्सर मोटर सायकिल पर प्लास्टिक की बड़ी-बड़ी दो केनों में अवैध कच्ची शराब लेकर बिक्री के उद्देश्य से खड़े हुए हैं । सूचना पर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रूहिल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्यवाही की और पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP-08 ZK-2190 पर प्लास्टिक की दो बड़ी केनों में कुल 62 लीटर अवैध कच्ची एवं जहरीली शराब सहित दो पारदी बदमाश 1-राठौर पारदी पुत्र शेरू पारदी उम्र 19 साल निवासी गोकुल सिंह का चक गुना एवं 2-रोमी पारदी पुत्र गोपाल पारदी उम्र 23 साल निवासी ग्राम बीलाखेड़ी थाना धरनावदा हाल गोकुल सिंह का चक गुना को गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध धरनावदा थाने में अप.क्र. 141/26 धारा 34(2), 49(क) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई ।


               जांच के दौरान जब पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल का सत्यापन किया तो उसकी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई । इस पर आरोपियों से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने स्वीकार किया कि उनके द्वारा उक्त मोटरसाइकिल लगभग 10-12 दिन पूर्व म्याना थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी । पुलिस द्वारा म्याना थाने से जानकारी प्राप्त करने पर पुष्टि हुई कि उक्त मोटरसाइकिल 20 जून 2026 को खोंकर गांव के पास से चोरी हुई थी, जिसकी रिपोर्ट पर म्याना थाने में अपराध क्रमांक 157/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज है ।


               पूछताछ के दौरान आरोपियों ने एक और महत्वपूर्ण खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर लगभग एक माह पूर्व बेरखेड़ी गांव के जंगल में बाइक सबार एक बुजुर्ग दंपत्ति को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था । आरोपियों ने महिला के कानों से सोने के टॉप्स तथा नकदी एवं दस्तावेजों से भरा पर्स छीनकर फरार होना स्वीकार किया ।


               लूट की घटना को लेकर दिनांक 04 जून 2026 को फरियादी भोलराम धाकड़, निवासी ग्राम भूमराखेड़ी, थाना फतेहगढ़ की रिपोर्ट पर धरनावदा थाने में अपराध क्रमांक 117/26 धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था । आरोपियों की स्वीकारोक्ति एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उक्त लूट प्रकरण का भी सफल खुलासा कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है ।


               धरनावदा पुलिस की इस प्रभावी कार्यवाही से न केवल अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगा है, बल्कि दो गंभीर अपराधों—बाइक चोरी एवं बुजुर्ग दंपत्ति से लूट—का भी सफल खुलासा हुआ है । यह कार्यवाही अपराधियों के विरुद्ध गुना पुलिस की सक्रिय, पेशेवर एवं साक्ष्य-आधारित कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण है ।


               इस उल्लेखनीय सफलता में धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रूहिल शर्मा, सउनि विपिन तिर्की, प्रधान आरक्षक योगेश धाकड़, आरक्षक धर्मेन्द्र धाकड़, आरक्षक सत्येन्द्र गुर्जर, आरक्षक ऋषिकेश शर्मा, आरक्षक विनीत लोधी, आरक्षक आकाश राजपूत, आरक्षक नरेन्द्र मीना एवं आरक्षक दीपक कुशवाह की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही है ।


               गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल-112 पर दें । आमजन का सहयोग अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.