पॉलीहाउस के भीतर होगा गुलाब उत्पादन का लाइव प्रायोगिक प्रशिक्षण
देखकर करें, करके सीखें: पॉलीहाउस में गुलाब उत्पादन की विशेष कार्यशाला
गुलाब की आधुनिक खेती का मिलेगा लाइव प्रैक्टिकल अनुभव, पॉलीहाउस में होगी विशेष कार्यशाला
पॉलीहाउस बनेगा प्रशिक्षण केंद्र, विशेषज्ञ सिखाएंगे आधुनिक गुलाब उत्पादन की तकनीक
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के दिशा-निर्देशन, मार्गदर्शन एवं उनकी उपस्थिति में रविवार, 12 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे प्रगतिशील किसान श्री शुभम चौहान के पॉलीहाउस परिसर (हनुमान टेकरी के निकट, मेला परिसर, गुना) में पॉलीहाउस गुलाब की आधुनिक खेती पर एक विशेष प्रायोगिक कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने कहा कि गुना जिले को पॉलीहाउस गुलाब उत्पादन का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में जिले में 50 एकड़ से अधिक क्षेत्र में पॉलीहाउस स्थापित हो चुके हैं, जबकि वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड एवं उद्यान विभाग के माध्यम से 100 एकड़ नवीन पॉलीहाउस क्षेत्र में गुलाब की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए किसानों को नवीनतम तकनीकों का प्रशिक्षण एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यशाला में भोपाल के पॉलीहाउस गुलाब विशेषज्ञ एवं गुलाब उत्पादन कंसल्टेंट श्री राहुल सिंह किसानों को आधुनिक उत्पादन तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे। कार्यक्रम की विशेषता "देखकर करें, करके सीखें" की अवधारणा होगी, जिसमें किसान पॉलीहाउस के अंदर ही विभिन्न तकनीकी कार्यों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन देखेंगे और उन्हें व्यवहारिक रूप से सीखेंगे।
उप संचालक उद्यान, जिला गुना श्री के.पी.एस. किरार ने जिले के सभी पॉलीहाउस संचालित, निर्माणाधीन एवं पॉलीहाउस स्थापित करने के इच्छुक किसानों से इस महत्वपूर्ण तकनीकी कार्यशाला में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया है।
