यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण सुधार के लिए प्रशासन सख्त
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शहर का पैदल निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश
गुना
शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने तथा अतिक्रमण की समस्या के प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने मंगलवार को शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों का पैदल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा, अतिक्रमण हटाने, विद्युत व्यवस्था तथा सड़क चौड़ीकरण सहित विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
रिलायंस पेट्रोल पंप तिराहे से नानाखेड़ी तक किया पैदल निरीक्षण
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने रिलायंस पेट्रोल पंप तिराहे से नानाखेड़ी तक पैदल भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सड़क किनारे खड़े वाहनों को व्यवस्थित रूप से पार्क कराने के निर्देश दिए गए। नानाखेड़ी क्षेत्र में सड़क किनारे बने गड्ढे को शीघ्र भरकर व्यवस्थित करने के लिए नगर पालिका को निर्देशित किया गया। साथ ही सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण एवं गुमटियों को हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
अंबेडकर चौराहे पर प्रकाश व्यवस्था सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अंबेडकर चौराहे पर प्रकाश व्यवस्था का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को स्ट्रीट लाइट व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि रात्रि के समय आवागमन सुरक्षित हो सके।
हनुमान चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण पर जोर
हनुमान चौराहे पर यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग एवं नगर पालिका को समन्वय बनाकर सड़क चौड़ीकरण (रोड वाइडनिंग) का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
जय स्तंभ चौराहे पर विद्युत वायरिंग व्यवस्थित करने के निर्देश
जय स्तंभ चौराहे के निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग को विद्युत तारों को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क किनारे लाइन मार्किंग को स्पष्ट एवं व्यवस्थित रखने तथा उसी के अनुरूप यातायात संचालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
डिवाइडरों पर रेडियम स्टड लगाने के निर्देश
जगत होटल क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सड़क डिवाइडरों पर रेडियम स्टड एवं रिफ्लेक्टिव संकेतक लगाने के निर्देश दिए, जिससे रात्रि के समय डिवाइडरों की दृश्यता बढ़े और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
मारुति सुजुकी तिराहे पर स्पीड ब्रेकर बनाने का सुझाव
मारुति सुजुकी तिराहे का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने कहा कि इस स्थान पर वाहन तेज गति से मुड़ते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने संबंधित विभाग को यहां आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर निर्माण की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन, एसडीएम श्रीमति शिवानी पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
