Type Here to Get Search Results !

जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पहचान - पुलिस महानिदेशक अरुण गौतम

 जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पहचान - पुलिस महानिदेशक अरुण गौतम



अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट 


गौरेला पेण्ड्रा मरवाही - पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम का आज जिले में आगमन हुआ। जिले में आगमन पर कलेक्टर , पुलिस अधीक्षक एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। इसके पश्चात पुलिस महानिदेशक ने जिले की कानून-व्यवस्था , अपराध नियंत्रण , पुलिसिंग की गुणवत्ता एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित क़ानून व्यवस्था बैठक में कलेक्टर , पुलिस अधीक्षक , राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था , संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति , अपराधों की रोकथाम , लंबित प्रकरणों के निराकरण , महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों की समीक्षा , मादक पदार्थों के विरुद्ध कारयवाही , सड़क सुरक्षा , यातायात व्यवस्था , सामुदायिक पुलिसिंग , डायल-112 की कार्यप्रणाली तथा विभिन्न अभियानों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था बनाये रखना पुलिस एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाये तथा आम नागरिकों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाये। उन्होंने अपराधों की रोकथाम के लिये प्रभावी गश्त , मुखबिर तंत्र को मजबूत करने , आदतन अपराधियों की सतत निगरानी रखने तथा तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने पर विशेष बल दिया। बैठक उपरांत पुलिस महानिदेशक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन नवीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय भवन एवं अत्याधुनिक पुलिस नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता , प्रगति एवं प्रस्तावित सुविधाओं का अवलोकन करते हुये संबंधित अधिकारियों को कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों से युक्त पुलिस अधोसंरचना पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ आमजन को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवायें उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी। इसके बाद पुलिस महानिदेशक ने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं विवेचकों की विशेष बैठक लेकर बेसिक पुलिसिंग के मूल सिद्धांतों , प्रभावी अपराध नियंत्रण , वैज्ञानिक एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना , घटनास्थल संरक्षण , भौतिक एवं डिजिटल साक्ष्यों के संग्रहण , अभियोजन की सफलता बढ़ाने , लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण तथा न्यायालयीन प्रकरणों की प्रभावी मॉनिटरिंग के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विवेचना निष्पक्ष , तथ्यपरक एवं साक्ष्य-आधारित होनी चाहिये , जिससे अपराधियों को शीघ्र एवं प्रभावी दंड दिलाया जा सके। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना स्तर पर नियमित जनसुनवाई , बीट प्रणाली को सक्रिय करने , ग्राम रक्षा समितियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ सतत संवाद बनाए रखने तथा साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति नागरिकों को जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया जाये। महिलाओं , बच्चों , वरिष्ठ नागरिकों एवं कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये। बैठक के दौरान हाल ही में चर्चित कोटमी लूटकांड का सफलतापूर्वक एवं अल्प समय में खुलासा करने वाली पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पुलिस महानिदेशक ने मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुये कहा कि समन्वित टीमवर्क , सतत प्रयास , वैज्ञानिक अनुसंधान एवं पेशेवर पुलिसिंग के कारण इस गंभीर अपराध का सफल खुलासा संभव हो सका। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुये भविष्य में भी इसी प्रकार समर्पण , ईमानदारी एवं दक्षता के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की। अपने संबोधन में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि पुलिस की सबसे बड़ी पहचान जनता का विश्वास है। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी , संवेदनशीलता , पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ करना चाहिये। अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही तथा आम नागरिकों के प्रति सहयोगात्मक एवं मानवीय व्यवहार ही प्रभावी पुलिसिंग की पहचान है। अंत में पुलिस महानिदेशक ने जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर कार्यों के लिये शुभकामनायें देते हुये कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने , अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा जनविश्वास को निरंतर मजबूत करने का आह्वान किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.