Type Here to Get Search Results !

महिला सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता - एसएसपी विजय अग्रवाल

 महिला सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता - एसएसपी विजय अग्रवाल 


एसएसपी ने किया पिंक पेट्रोलिंग का शुभारंभ 



अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट 


दुर्ग - महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुये दुर्ग पुलिस द्वारा आज पुलिस कंट्रोल रूम , सेक्टर-06 भिलाई से "पिंक पेट्रोलिंग" का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर पिंक पेट्रोलिंग की चौदह विशेष टीमों को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिये रवाना किया गया। महिला सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले के 13 थाना क्षेत्रों एवं 01 रक्षा टीम सहित कुल 14 विशेष पिंक पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में 04 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे तथा प्रत्येक टीम का नेतृत्व एक पीएसआई (PSI) प्रभारी द्वारा किया जायेगा। ये टीमें महिलाओं , छात्राओं , बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतत गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेंगी। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मलीशंकर चंद्रा , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्रीमती ऋचा मिश्रा , नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर , नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी , उप पुलिस अधीक्षक (लाइन) , उप पुलिस अधीक्षक (आईजीडब्ल्यू) सुश्री भारती मरकाम , सुश्री आकर्षि कश्यप सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


पिंक पेट्रोलिंग के प्रमुख कार्य -


स्कूल , कॉलेज एवं कोचिंग संस्थानों में प्रवेश एवं छुट्टी के समय नियमित पेट्रोलिंग कर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना। महिलाओं से संबंधित शिकायतों एवं पिंक पैट्रोलिंग , डायल-112 से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता एवं वैधानिक कार्यवाही करना। पार्क , गार्डन , बाजार , मॉल , बस स्टैण्ड , रेलवे स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित गश्त करना। असामाजिक तत्वों , मनचलों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखते हुये आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करना। महिला हेल्पलाइन 1091 , आपातकालीन सेवा 112 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के संबंध में जन-जागरूकता बढ़ाना। महिलाओं , छात्राओं , बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण स्थापित करना।


पिंक पेट्रोलिंग का समन्वय -


पिंक पेट्रोलिंग अभियान के प्रभावी संचालन , समन्वय एवं मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक सुश्री भारती मरकाम एवं उप पुलिस अधीक्षक सुश्री आकर्षि कश्यप द्वारा निभाई जा रही है।


दुर्ग पुलिस की अपील -


दुर्ग पुलिस आम नागरिकों , विशेषकर महिलाओं एवं छात्राओं से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति , छेड़छाड़ , उत्पीड़न अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 , महिला हेल्पलाइन 1091 अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें। महिला सुरक्षा दुर्ग पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रत्येक सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.