आपसी विवाद में हत्या करने के आठ आरोपी गिरफ्तार
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
धमतरी - शराब सेवन के दौरान हुये आपसी विवाद में प्राणघातक हमला कर हत्या की घटना को अंजाम देने के दो विधि से संघर्षरत बालकों सहित आठ आरोपियों को थाना कुरूद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल और विध से संघर्षरत बालकों को बाल सम्प्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी के सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में इस हत्याकाण्ड का खुलासा करते हुये अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने बताया कि विगत 29 जून की रात्रि डाही बगदेही मार्ग के बीच शीतला मंदिर के आगे , मोबाइल टावर के पास शराब सेवन के दौरान आपसी विवाद हुई। मृतक हुलास मंडावी पिता दीनाराम मंडावी उम्र लगभग 32 वर्ष निवासी ग्राम डाही एवं आरोपीगण रोशन ध्रुव , मुकेश यादव , अमन नेताम , रविशंकर पटेल , चंद्रशेखर पटेल एवं सागर मरकाम सभी निवासी ग्राम डाही के बीच कहासुनी और गाली- गलौज होने के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मुख्य आरोपी रोशन ध्रुव एवं मुकेश यादव ने आवेश में आकर सड़क किनारे रखे लकड़ी के मोटे लट्ठे से मृतक के सिर पर लगातार प्राणघातक वार किये। इसके पश्चात एक अन्य आरोपी ने पास में पड़े बोल्डर पत्थर से मृतक के चेहरे एवं सिर पर वार कर दिया , जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के समय अन्य आरोपी भी मौके पर उपस्थित थे। घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना कुरूद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुये मर्ग कायम कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही , शव पंचनामा एवं अन्य प्रारंभिक जांच की प्रक्रिया पूर्ण की गई। इसके उपरांत शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सक द्वारा जारी शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हत्यात्मक प्रकृति का होना उल्लेखित किये जाने के आधार पर थाना कुरूद में आरोपियों के विरुद्ध थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 197/2026, धारा 103(1), 296(बी), 191(2), 191(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। कुरुद पुलिस एवं सायबर पुलिस की टीम ने पूरी रात लगातार सघन जांच , संदिग्धों से पूछताछ , मुखबिर सूचना , तकनीकी विश्लेषण एवं साक्ष्यों के आधार पर अथक मेहनत करते हुये मामले का सफल खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का लट्ठा एवं बोल्डर पत्थर भी बरामद कर विधिवत जब्त किया है। रात भर चली लगातार कार्यवाही एवं पुलिस टीम की कड़ी मशक्कत के बाद घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों सहित आठ आरोपियों को थाना कुरूद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल एवं विधि से संघर्षरत दोनो बालको को बाल सम्प्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपीगण -
रोशन ध्रुव पिता स्वर्गीय भोज राम ध्रुव उम्र 21 वर्ष , मुकेश यादव पिता टॉप सिंह यादव उम्र 19 वर्ष , अमन नेताम पिता दऊवा राम नेताम उम्र 19 वर्ष , रवि शंकर पटेल पिता पोषण राम उम्र 22 वर्ष , चंद्रशेखर पटेल पिता निर्मल पटेल उम्र 22 वर्ष , सागर मरकाम पिता ध्रुव मरकाम उम्र 25 वर्ष सभी निवासी ग्राम - डाही , थाना - कुरूद , जिला - धमतरी (छत्तीसगढ़) एवं दो विधि से संघर्षरत बालक।
धमतरी पुलिस की अपील -
धमतरी पुलिस आमजन से अपील करती है कि शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से उत्पन्न होने वाले विवादों से दूर रहें तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। धमतरी पुलिस कानून-व्यवस्था बनाये रखने , गंभीर अपराधों का त्वरित खुलासा करने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं विधिसम्मत कार्यवाही करने के लिये पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
