Guna- कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय गुना की मनकक्ष टीम द्वारा मोती चिल्ड्रन हाई सेकेंडरी स्कूल, गुना में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 230 विद्यार्थियों ने भाग लिया तथा सभी को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. आर. एस. भाटी ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य का महत्व, तनाव एवं परीक्षा के दबाव से निपटने के उपाय तथा समय पर उपचार लेने की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगातार उदासी, अत्यधिक चिंता, पढ़ाई में रुचि कम होना, नींद या भूख में बदलाव तथा व्यवहार में अचानक परिवर्तन जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
मनोरोग नर्सिंग ऑफिसर रवि सिंह यादव ने राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध सेवाओं, टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 एवं मनहित (Manhit) ऐप की जानकारी दी। प्रशिक्षणार्थी अवनी साह ने करियर काउंसिलिंग तथा मेहक जैन ने स्ट्रेस मैनेजमेंट पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में मनकक्ष टीम ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता होने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की अपील की।
