Type Here to Get Search Results !

बच्चों की मुस्कान देख भावुक हुए कलेक्टर, हर दिव्यांग बच्चे तक पहुंचे पुनर्वास की सुविधा

बच्चों की मुस्कान देख भावुक हुए कलेक्टर, हर दिव्यांग बच्चे तक पहुंचे पुनर्वास की सुविधा

जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण, स्टाफ की कमी दूर करने और जागरूकता शिविर लगाने के दिए निर्देश





गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने शुक्रवार को जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध उपचार एवं पुनर्वास सेवाओं का जायजा लिया। जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने उपचार एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों से संवाद किया तो उनकी प्रगति देखकर संतोष व्यक्त किया। बच्चों के परिजनों ने बताया कि जो बच्चे पहले चलने-फिरने और सामान्य गतिविधियां करने में असमर्थ थे, वे अब नियमित प्रशिक्षण के बाद धीरे-धीरे चलने, बैठने और चीजों को समझने लगे हैं। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे परिणाम बताते हैं कि पुनर्वास केंद्र की सेवाएं प्रभावी हैं और इनका लाभ अधिक से अधिक दिव्यांगजनों तक पहुंचना चाहिए।

बच्चों और परिजनों से जाना पुनर्वास का असर

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चेकअप कक्ष, प्रशिक्षण कक्ष, विशेष शिक्षक कक्ष एवं स्टाफ रूम का अवलोकन किया। उन्होंने 11 वर्षीय उबैश खान से बातचीत की। परिजनों ने बताया कि पहले वह बिल्कुल चल नहीं पाता था, लेकिन केंद्र में नियमित एक्सरसाइज और प्रशिक्षण के बाद अब वह धीरे-धीरे चलने लगा है। उबैश ने बताया कि उसे केंद्र में आकर अच्छा लगता है और वह पिछले दो वर्षों से यहां प्रशिक्षण ले रहा है।

इसके बाद कलेक्टर ने साढ़े चार वर्षीय हर्षवर्धन शिवहरे और उसके परिजनों से चर्चा की। परिजनों ने बताया कि पहले बच्चा न तो ठीक से बैठ पाता था, न चल पाता था और समझने में भी कठिनाई होती थी। दो वर्षों से केंद्र में नियमित प्रशिक्षण मिलने के बाद अब वह स्वयं बैठने लगा है, थोड़ा-थोड़ा चल लेता है तथा पहले की अपेक्षा बेहतर तरीके से चीजों को समझ रहा है।

सुविधाओं का विस्तार होगा, अधिक बच्चों तक पहुंचेगा लाभ

निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि केंद्र में बच्चों की प्रगति उत्साहजनक है, लेकिन उद्देश्य केवल कुछ बच्चों तक सीमित नहीं होना चाहिए। अधिक से अधिक दिव्यांग बच्चों और उनके परिवारों तक पुनर्वास सेवाएं पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने रिक्त पदों को भरने के लिए आवश्यक प्रयास करने, जरूरत के अनुसार संसाधन उपलब्ध कराने तथा नियमित जागरूकता एवं पंजीयन शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र दिव्यांगजन समय पर पुनर्वास सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

अमरूद का पौधा लगाकर दिया हरियाली का संदेश

निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने पुनर्वास केंद्र परिसर में अमरूद का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने उद्यानिकी (हॉर्टीकल्चर) विभाग के उपसंचालक को परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि हरित एवं स्वच्छ वातावरण न केवल परिसर की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि यहां आने वाले दिव्यांगजनों और बच्चों के लिए भी सकारात्मक एवं स्वास्थ्यवर्धक माहौल तैयार करता है।

निरीक्षण में एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडेय, प्रभारी उपसंचालक सामाजिक विभाग श्री रिशु कुमार सुमन, ई पीआईयू  सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.