*गुना पुलिस का नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार*
मृगवास थाना पुलिस की सटीक कार्यवाही, 22.43 ग्राम स्मैक सहित तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
*2.50 लाख मूल्य की स्मैक एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित लगभग 3.50 लाख का मशरूका जप्त*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी और वैधानिक कार्यवाहियां सुनिश्चित की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी एसडीओपी चांचौड़ा श्री ओ.पी. आर्य के पर्यवेक्षण में मृगवास थाना पुलिस द्वारा सतर्कता का परिचय देते हुए राजस्थान तरफ से बाइक पर स्मैक तस्करी कर रहे तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2.50 लाख मूल्य की स्मैक एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित लगभग 3.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है ।
दिनांक 04-05 जुलाई 2026 की रात में मृगवास थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि राजस्थान के लोधीपुरा से एक बिना नंबर की टीव्हीएस मोटर सायकिल पर तीन व्यक्ति मादक पदार्थ स्मैक लेकर मृगवास होते हुए विदिशा की ओर जाने वाले हैं । सूचना को गंभीरता से लेते हुए मृगवास थाने से तत्काल सानई चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राहुल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम कार्यवाही हेतु रवाना हुई । टीम ने तुरंत गौमुख रोड़ पर पहुंचकर नाकाबंदी की, जहां पर कुछ ही समय बाद मुखबिर के बताए हुलिए की मोटर सायकिल पर तीन व्यक्ति आते दिखाई दिये, जिन्होंने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस फोर्स द्वारा तत्परता दिखाते हुए उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया । पूछताछ में उन्होंने अपने नाम 1-मुवीन पुत्र कमरअली खान निवासी जामनपुर थाना नटेरन जिला विदिशा, 2-मुस्तकीम पुत्र अनवर खान तथा जहीर पुत्र लतीफ खान, दोनों निवासी लोधीपुरा थाना जावर जिला झालावाड़ (राजस्थान) के बताए । मुखबिर सूचना के आधार उनकी विधिवत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 22.43 ग्राम स्मैक बरामद हुई, बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये तथा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 01 लाख रुपये सहित कुल 3.50 लाख रुपये मूल्य का मशरूका विधिवत जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया एवं उनके विरुद्ध मृगवास थाने में अपराध क्रमांक 91/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया । साथ ही आरोपियों से मादक पदार्थ तस्करी के उनके अन्य स्रोत एवं संभावित नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जा सके ।
गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति एवं उनके नेटवर्क के विरुद्ध कठोर कार्यवाहियां निरंतर जारी रहेगीं । मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को पूरी तरह ध्वस्त करने के उद्देश्य से पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से कार्यवाही कर रही है ।
अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरूद्ध मृगवास थाना पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप यादव, सानई चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राहुल शर्मा, प्रधान आरक्षक सोहन अनारे, आरक्षक नीरज धाकड़, आरक्षक योगेश जाट, आरक्षक रामवीर रघुवंशी, आरक्षक राजीव रघुवंशी एवं आरक्षक श्यामसुंदर शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
