जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा किया गया आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार 01 अगस्त (शनिवार) को जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग श्री दिनेश कुमार चंदेल द्वारा गुना ग्रामीण परियोजना के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र कुड़ी मंगवार बंद पाया गया। यहां आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती ऋतु उपाध्याय एवं सहायिका दोनों अनुपस्थित थीं। आंगनवाड़ी केंद्र नेगमा में कार्यकर्ता श्रीमती कृष्णा धाकड़ अनुपस्थित पाई गईं, जबकि सहायिका बच्चों को शाला पूर्व शिक्षा प्रदान करती हुई मिलीं। केंद्र की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा बच्चों ने कविताएं सुनाईं। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सहायिका के कार्यों की सराहना की।
आंगनवाड़ी केंद्र चक देवपुर में कार्यकर्ता एवं सहायिका दोनों उपस्थित थीं, लेकिन बच्चों की उपस्थिति कम पाई गई। साथ ही कार्यकर्ता को पोषण ट्रैकर एवं संपर्क एप का समुचित ज्ञान नहीं होने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। आंगनवाड़ी केंद्र पाटई में कार्यकर्ता एवं सहायिका उपस्थित मिलीं, किंतु केंद्र की व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं थीं। इस पर श्री चंदेल ने परियोजना अधिकारी श्रीमती दीपा शर्मा एवं पर्यवेक्षक श्रीमती कृष्णा कौशल को केंद्र को चाइल्ड-फ्रेंडली बनाने के निर्देश दिए। आंगनवाड़ी केंद्र गोपालपुरा में निरीक्षण के दौरान कार्यकर्ता श्रीमती रेखा धाकड़ बिना सूचना के अनुपस्थित पाई गईं, जबकि सहायिका उपस्थित थीं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री चंदेल ने परियोजना अधिकारी श्रीमती दीपा शर्मा को केंद्रों के संचालन में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित रहने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
