Type Here to Get Search Results !

बारिश को लेकर सभी विभाग अलर्ट रहें, मैदानी अमला लगातार फील्ड विजिट करे : कलेक्टर

बारिश को लेकर सभी विभाग अलर्ट रहें, मैदानी अमला लगातार फील्ड विजिट करे : कलेक्टर

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान अंतर्गत आयोजित शिविर में प्रत्येक स्तर पर सेक्टर बनाकर समस्याओं का मौके पर करें निराकरण, 


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में सोमवार को समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के मद्देनजर सभी विभाग पूरी तरह अलर्ट रहें और मैदानी स्तर पर सतत निगरानी रखें। आगामी मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान अंतर्गत आयोजित शिविर में प्रत्येक स्तर पर सेक्टर बनाए जाएं, जिसमें पुलिस एवं जिला प्रशासन से एक-एक कर्मचारी की तैनाती सुनिश्चित की जाए। कैंप में राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए राजस्व न्यायालय भी लगाए जाएं। साथ ही विभिन्न विभागों के चिन्हित प्रकरणों का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। जो प्रकरण मौके पर निराकृत किए जा सकते हैं, उनका तत्काल निराकरण करें तथा जिनका निराकरण संभव नहीं है, उसके कारणों की जानकारी आवेदक को दी जाए।

सेक्टर बनाकर होगा समस्याओं का निराकरण

कलेक्टर ने कहा कि आगामी मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान अंतर्गत आयोजित शिविर को अधिक प्रभावी एवं परिणाममूलक बनाया जाए। प्रत्येक स्तर पर सेक्टर निर्धारित कर उनमें पुलिस एवं जिला प्रशासन के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। कैंप में राजस्व से संबंधित प्रकरणों के निराकरण के लिए राजस्व न्यायालय भी आयोजित किए जाएं। जिला स्तर पर विभिन्न विभागों के चिन्हित प्रकरणों का समाधान कर उनका परीक्षण भी किया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि आमजन की समस्याओं का प्रभावी निराकरण हो रहा है।

निरीक्षण नोटबुक नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र भ्रमण एवं निरीक्षण के दौरान की गई कार्यवाही का विधिवत संधारण किया जाए। राजस्व से संबंधित प्रकरणों की निरीक्षण नोटबुक अपर कलेक्टर को तथा अन्य विभागों की निरीक्षण नोटबुक मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को प्रस्तुत की जाए।


जनसुनवाई के प्रकरणों को सीएम हेल्पलाइन से जोड़ने का नवाचार

कलेक्टर ने जनसुनवाई के प्रकरणों के निराकरण में नवाचार करते हुए निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी पात्र प्रकरणों को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराया जाए, ताकि उनकी नियमित मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

100 दिवस से अधिक पुराने प्रकरण किसी भी स्थिति में लंबित न रहें

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में 100 दिवस से अधिक पुराने प्रकरण लंबित नहीं रहने चाहिए। सभी अधिकारी समय-सीमा के भीतर प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जो प्रकरण निराकरण योग्य हैं, उनका तत्काल निराकरण किया जाए तथा जिन प्रकरणों का निराकरण संभव नहीं है, उनमें आवेदक को स्पष्ट रूप से कारण की जानकारी दी जाए।

मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें

कलेक्टर ने मिलावटी खाद्य पदार्थों एवं मिलावटखोरी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खान-पान आवश्यक है, इसलिए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता में रखा जाए।

पंचायत स्तर की जनसुनवाई को प्रभावी बनाने पर जोर

कलेक्टर ने पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाली जनसुनवाई को विशेष प्राथमिकता के साथ प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर ही अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता न पड़े।

कार्यप्रणाली को बेहतर और उत्पादक बनाएं

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शासकीय कार्यों को केवल औपचारिकता के रूप में न करें, बल्कि कार्यप्रणाली को बेहतर, उत्पादक और परिणाममूलक बनाएं। उन्होंने कहा कि कार्यों में सकारात्मक सोच एवं रचनात्मकता के साथ नए तरीके अपनाए जाएं, ताकि जिले को बेहतर कार्यप्रणाली के लिए एक अलग पहचान मिल सके।

हितग्राहीमूलक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें

कलेक्टर ने एलडीएम को निर्देशित किया कि बैंकिंग एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं के माध्यम से जिन लोगों को लाभ दिया जा रहा है, उनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे इसका लाभ उठा सकें।

तिरंगा यात्रा एवं स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों पर चर्चा

बैठक में तिरंगा यात्रा एवं स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को शासन द्वारा जारी नवीन दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लोक सेवा गारंटी के प्रकरण समय-सीमा में निराकृत हों

कलेक्टर ने कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत आने वाली सेवाओं का लाभ नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से समय-सीमा में उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी पात्र नागरिक को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध हों।

सप्ताह में कम से कम दो बार फील्ड विजिट करें अधिकारी

बैठक के समापन पर कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सप्ताह में कम से कम दो बार अनिवार्य रूप से फील्ड विजिट करें। उन्होंने कहा कि मैदानी क्षेत्रों में जाकर योजनाओं एवं विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लें और आवश्यकतानुसार मौके पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारियों का मूल उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुचारू रूप से आमजन तक पहुंचाना होना चाहिए। विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा से पहले निराकरण करने का प्रयास करें। उन्होंने सभी विभागों को ‘जीरो पेंडेंसी’ की दिशा में कार्य करने तथा अनावश्यक रूप से कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.