टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एनसीसी कैडेट्स को किया जागरूक
गुना
शासकीय महाविद्यालय गुना की एनसीसी डी कंपनी द्वारा टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 35वीं वाहिनी एनसीसी शिवपुरी के कमान अधिकारी कर्नल विजय वीर सिंह धईया एवं एडम अफसर लेफ्टिनेंट कर्नल ए.एन. रेड्डी के मार्गदर्शन तथा महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. वी.के. तिवारी की अनुमति से किया गया।
व्याख्यान में वनस्पति विभाग के डॉ. मधुप श्रीवास्तव ने क्षय रोग (टीबी) के लक्षण, बचाव और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। जिला चिकित्सालय गुना के जिला टीबी समन्वयक श्री विपिन सक्सेना ने टीबी मुक्त भारत अभियान, निक्षय मित्र की भूमिका तथा अभियान में एनसीसी कैडेट्स की सहभागिता के बारे में जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में सूबेदार मूलाराम, हवलदार नागराज, डॉ. तजेंद्र नागर सहित लगभग 75 एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी अधिकारी कैप्टन मनोज कुमार भिरोरिया ने किया तथा आभार वरिष्ठ कैडेट अजय कुमार मीणा ने व्यक्त किया।
