Type Here to Get Search Results !

निर्माण कार्य समय-सीमा से पहले पूर्ण करें, गुणवत्ता से समझौता नहीं: कलेक्टर श्री कन्याल

 निर्माण कार्य समय-सीमा से पहले पूर्ण करें, गुणवत्ता से समझौता नहीं: कलेक्टर श्री कन्याल

‎‎निर्माण एवं विकास कार्यों की संयुक्त समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश


‎गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल निगम, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं एमपीआरडीसी के निर्माण एवं विकास कार्यों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार प्रगतिरत एवं लंबित निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

‎‎समय-सीमा से पहले पूर्ण हों निर्माण कार्य

‎कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं। अधिकारी नियमित रूप से निर्माण स्थलों का फील्ड निरीक्षण करें और कार्यों की वास्तविक प्रगति की जानकारी लें। उन्होंने कहा कि जहां भी कार्यों में कोई समस्या या तकनीकी बाधा सामने आए, उसका तत्काल निराकरण कर कार्यों में गति लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को प्रयास करने के निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा से पहले पूर्ण हों।

‎‎गुणवत्ता से समझौता नहीं

‎कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है और गुणवत्ता के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने इंजीनियरिंग कार्यों में बेहतर प्रबंधन, लागत नियंत्रण तथा प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भूमि संबंधी समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के लिए कहा।

‎फिजिकल एवं फाइनेंशियल प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग

‎उन्होंने सभी विभागों को अपनी परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। प्रत्येक कार्य की समय-समय पर समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

‎गोपीसागर डेम को पर्यटन एवं रोजगार की दृष्टि से विकसित करने पर जोर

‎‎ कलेक्टर श्री कन्याल ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि गोपीसागर डेम की संभावनाओं का बेहतर उपयोग किया जाए। उन्होंने तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए डेम का विजिट एवं अध्ययन भ्रमण आयोजित कराने तथा क्षेत्र को पर्यटन एवं रोजगार की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, जिससे रोजगार के अवसर भी सृजित हों।

‎‎ बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग करें, आपसी समन्वय से समस्याओं का तत्काल समाधान करें और विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.