*जामनेर में पान की गुमटी से चोरी का पुलिस ने किया त्वरित खुलासा*
जामनेर थाना पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर चोरी हुए नगदी रूपये किए बरामद
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं त्वरित कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं डीएसपी मुख्यालय और प्रभारी एसडीओपी श्री जमीलउद्दीन सिद्दीकी के पर्यवेक्षण में जामनेर थाना पुलिस द्वारा पान की गुमटी से हुई चोरी के मामले का तत्परता से खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की नगदी बरामद की गई है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 21 अगस्त 2026 को फरियादी राजू सैनी निवासी ग्राम जामनेर द्वारा जामनेर थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि जामनेर मंडी गेट के पास स्थित उसकी पान की गुमटी से दिनांक 20-21 अगस्त 2026 की रात्रि में कोई अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक कूटर एवं 3,000 नगदी चोरी कर ली गई है । उसकी रिपोर्ट पर जामनेर थाने में अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 181/26, धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए जामनेर थाना पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी की पतारसी के लिए सघन प्रयास प्रारंभ किए गए । पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ तकनीकी संसाधनों एवं सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया । लगातार सूचना संकलन एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को शीघ्र ही अज्ञात आरोपी की पहचान करने में सफलता मिली । इसके बाद पुलिस टीम द्वारा आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही थी । दिनांक 24 अगस्त 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर जामनेर थाना पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी अंधेर सिंह पुत्र लाल सिंह जादौन, उम्र 45 वर्ष, निवासी जामनेर, जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया गया । पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से प्रकरण में चोरी गई 2,250/- नगदी बरामद की गई है । पूछताछ में आरोपी द्वारा शेष राशि खर्च कर देना बताया है, प्रकरण की विवेचना जारी है ।
जामनेर थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज मेहरा, उपनिरीक्षक जगदीश जाटव, प्रधान आरक्षक धीरज सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक गिरजेश मीना, प्रधान आरक्षक अवधेश पांडे, आरक्षक गजेन्द्र गुर्जर, आरक्षक पंजाब सिंह गुर्जर एवं आरक्षक शिवकुमार निगम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
