वन विभाग द्वारा वन परिक्षेत्र गुना उत्तर की अगरा बीट में तेन्दुए के अवैध शिकार पर वन विभाग गंभीर
गुना
वन मण्डलाधिकारी श्री अक्षय राठौर ने बताया हैं कि दिनांक 30 जुलाई 2026 को वनपरिक्षेत्राधिकारी गुना उत्तर को क्षेत्र में अगरा बीट में मृत तेन्दुए के शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। तदुपरांत सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्राधिकारी गुना उत्तर अपने वन अमले के साथ बीट अगरा के कक्ष क्रमांक पी.एफ. 251 में मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल एवं उसके आसपास सघन तलाश करने पर दो स्थानों से कुछ अवशेष प्राप्त हुए हैं। प्रारंभिक निरीक्षण के आधार पर तेन्दुए का शव लगभग 5-6 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। जिस स्थान पर तेन्दुए का शव मिला, उसके आसपास सावधानीपूर्वक निरीक्षण करने पर किसी प्रकार का फंदा अथवा अन्य शिकार संबंधी उपकरण नहीं मिला। वन विभाग द्वारा तेन्दुए के शव को अपनी अभिरक्षा में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
घटना के संबंध में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 4764/10, दिनांक 30 जुलाई 2026 अवैध शिकार के प्रकरण में पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। साथ ही घटना से जुड़े तथ्यों एवं आरोपियों का पता लगाने के लिए शासन द्वारा जारी एसओपी अनुसार डॉग स्क्वाड की सहायता लेकर क्षेत्र में व्यापक सर्चिग अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग द्वारा प्रकरण के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपराध पुष्टि उपरांत दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस घटना से संबंधित कोई सूचना हो तो वह तत्काल निकटतम वन परिक्षेत्र कार्यालय अथवा वन विभाग के अधिकारियों को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
