एचआईवी, टीबी एवं हेपेटाइटिस की रोकथाम को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित
गुना
मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति, भोपाल के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के आदेश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिला स्तर पर नवीन सीएमएचओ कार्यालय के मीटिंग हॉल में 50 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का एचआईवी/एड्स, एसटीआई, टीबी एवं वायरल हेपेटाइटिस विषय पर प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का संचालन जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनुराग जैन के निर्देशन में किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान श्री विपिन सक्सेना ने टीबी एवं एचआईवी के लक्षणों, बचाव एवं समय पर जांच के महत्व पर जानकारी दी। एचआईवी परामर्शदाता श्री लाल सिंह धाकड़ ने एचआईवी संक्रमण के कारण, बचाव एवं जागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। एसटीआई परामर्शदाता श्री सचिन्द्र भार्गव ने पॉवरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से एचआईवी, एसटीआई एवं टीबी की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही श्री सतेंद्र रघुवंशी ने हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी की रोकथाम, जांच एवं उपचार पर प्रकाश डाला।
जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनुराग जैन ने एचआईवी (HIV), हेपेटाइटिस-बी (HBV), हेपेटाइटिस-सी (HCV) एवं सिफलिस (Syphilis) के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए समय पर जांच, उपचार एवं जनजागरूकता के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने प्रतिभागियों को 1097 टोल-फ्री हेल्पलाइन की जानकारी भी प्रदान की।
प्रशिक्षण में चांदनी भारती (SSK) सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
