Type Here to Get Search Results !

पिछले 12 वर्षों में भारत के परिवर्तन का सबसे बड़ा प्रमाण है कि आज विश्व भारत की ओर सम्मान और विश्वास से देख रहा है – केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया

 पिछले 12 वर्षों में भारत के परिवर्तन का सबसे बड़ा प्रमाण है कि आज विश्व भारत की ओर सम्मान और विश्वास से देख रहा है – केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया



केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने बमोरी में किया विकास कार्यों का लोकार्पण


सहरिया चौपाल में आदिवासी समाज की महिलाओं से आत्मीय संवाद


गुना 


केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरूवार को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस अवसर पर बमोरी क्षेत्र को शिक्षा] विद्युत और जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 5.34 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शासकीय महाविद्यालय बमोरी के नए भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही गुना-उमई-सिरसी मार्ग पर रुपये 1.9 करोड़ की लागत से निर्मित पुलिया तथा मुडरा हनुमान में 3.08 करोड रूपये की लागत से निर्मित 33/11 केव्‍ही विद्युत सब स्टेशन का लोकार्पण किया।


इस अवसर पर केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि आज देश के महान सपूत और प्रधानसेवक नरेन्द्र मोदी का जन्मदिवस हैं जिन्होंने अपने जीवन के 25 वर्ष मां भारती की सेवा को समर्पित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने न दिन देखा] न रात देखी और निरंतर देश की सेवा को अपना संकल्प बनाया। पिछले 12 वर्षों में भारत ने जो परिवर्तन देखा है वह इस समर्पण का प्रत्यक्ष प्रमाण है।


विश्व मंच पर बढ़ा भारत का मान-सम्मान


केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि आज विश्व भारत को एक नई दृष्टि से देख रहा है। रूस और चीन के राष्ट्राध्यक्षों का भारत की धरती पर एक साथ खड़े होकर मुस्कुराते हुए दिखाई देना भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आज हमारे प्रधानसेवक केवल भारत की सेवा नहीं कर रहे बल्कि उनके नेतृत्व में भारत संपूर्ण विश्व की सेवा का माध्यम बन रहा है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का मान-सम्मान बढ़ा है। और भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ रहा है।


बमोरी की बेटियां उच्च शिक्षा के नए अवसरों की ओर बढ़ रहीं


बमोरी डिग्री कॉलेज के नए भवन का उल्लेख करते हुए केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि यह केवल एक भवन नहीं] बल्कि क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के भविष्य का नया द्वार है। उन्होंने कहा कि दिशा] राधिका] तुलसी और पूजा जैसी बेटियों ने जिस बीज को बोया है] आने वाले समय में ऐसे ही नई लक्ष्मियां इसी कॉलेज से अपने सपनों को नई उड़ान देंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के अवसर जब गांव और कस्बे तक पहुंचते हैं] तो उनका प्रभाव केवल एक विद्यार्थी तक सीमित नहीं रहता। इससे पूरे परिवार और समाज की दिशा बदलती है। बमोरी के युवाओं को अब उच्च शिक्षा के लिए बेहतर स्थानीय सुविधा उपलब्ध होगी।


बमोरी में बिजली के बुनियादी ढांचे को लगातार मिल रही मजबूती


केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि बमोरी विधानसभा में विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। मुडरा हनुमान में 3.08 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 33/11 केव्‍ही सब स्टेशन भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को और मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप बिजली का बुनियादी ढांचा सुदृढ़ होगा।


सहरिया चौपाल में आदिवासी समाज की महिलाओं से आत्मीय संवाद


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सहरिया चौपाल में सिंधिया ने सहरिया समाज की महिलाओं के साथ आत्मीय संवाद किया। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा आदिवासी समाज के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की और महिलाओं से इन योजनाओं से मिल रहे लाभ तथा उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली।


बमोरी महाविद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण


कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने 5.34 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शासकीय महाविद्यालय बमोरी के नवीन भवन का लोकार्पण किया। भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल 2,099 वर्ग मीटर है। नवीन भवन में आर्ट्स एवं कॉमर्स संकाय के विद्यार्थियों के लिए कक्षा-कक्ष, केंद्रीय पुस्तकालय, हाईटेक कंप्यूटर लैब तथा प्रशासनिक कक्ष सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। .


नवीन विद्युत उपकेन्द्र मूडरा हनुमान से 12 गांव होंगे लाभान्वित


कार्यक्रम में केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने 3.08 करोड रूपये की लागत से निर्मित 33/11 केव्‍ही विद्युत उपकेन्‍द्र मूडरा हनुमान का लोकार्पण किया। नवीन विद्युत उपकेन्द्र के चालू होने से 12 गांवों के लगभग 13 हजार लोगों को पर्याप्त वोल्टेज पर निर्बाध विद्युत प्रदाय की सुविधा मिल सकेगी। इसमें 5 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। नवीन उपकेन्द्र से मूडरा, मोडका, मोडकी, मोई, कनेरा, झागर, धाननखेड़ी, गोड़िया, बररुखेड़ी, बक्शनपुर, धनोरिया एवं खड़कपुर सहित 12 गांवों को लाभ मिलेगा।


कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्री अरविन्‍द्र धाकड़, उपाध्‍यक्ष श्रीमती सारिका लुंबा, पूर्व मंत्री श्री महेन्‍द्र सिंह सिसौदिया, जिलाध्‍यक्ष श्री धर्मेन्‍द्र सिंह सिकरवार सहित अन्‍य जनप्रतिनिधि एवं कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.