Type Here to Get Search Results !

एक-एक समस्या का समाधान कर शहर की यातायात व्यवस्था को बनाएंगे बेहतर : कलेक्टर श्री कन्‍याल

 एक-एक समस्या का समाधान कर शहर की यातायात व्यवस्था को बनाएंगे बेहतर : कलेक्टर श्री कन्‍याल


जय स्तंभ चौराहे से शुरू होगा ट्रैफिक सुधार का प्रयास, पार्किंग और ऑटो व्यवस्था पर भी बनेगी कार्ययोजना


यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने एक रोड बनेगी आदर्श



गुना 


कानून व्यवस्था, यातायात, परिवहन, पर्यावरण सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा के लिए जिला स्तरीय संयुक्त बैठक कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए एक रोड को आदर्श रोड के रूप में विकसित करने तथा उपयुक्त स्थान पर नो-व्हीकल जोन बनाने सहित विभिन्न सुझावों पर चर्चा की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।


एक रोड को आदर्श बनाने और नो-व्हीकल जोन पर मांगे सुझाव


पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने कहा कि शहर की सभी समस्याओं का समाधान एक साथ करना संभव नहीं है। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक रूप से किसी एक रोड को आदर्श बनाने तथा उपयुक्त क्षेत्र को नो-व्हीकल जोन के रूप में विकसित करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से इस संबंध में महत्वपूर्ण एवं व्यवहारिक सुझाव देने की अपील की।


जयस्तंभ चौराहे से शुरू हुआ यातायात सुधार का प्रस्ताव


ट्रैफिक टीआई श्री अजय प्रताप सिंह ने पीपीटी के माध्यम से यातायात व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी। उन्होंने यातायात कम होने और अधिक होने की स्थिति में सड़क पर उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। बैठक में यातायात सुधार के लिए सबसे पहले जय स्तंभ चौराहे से कार्य प्रारंभ करने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।


ऑटो, पार्किंग और रोजगार के लिए आने वाले लोगों की व्यवस्था पर सुझाव


बैठक में शहर में ऑटो के कारण यातायात प्रभावित होने की स्थिति पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि कई स्थानों पर ऑटो दो कतारों में खड़े हो जाते हैं। एक कतार में ऑटो खड़े रहते हैं, जबकि दूसरी ओर चलते-चलते यात्रियों को बैठाने के कारण यातायात प्रभावित होता है। इसके लिए अधिकृत पार्किंग स्थल निर्धारित करने का सुझाव दिया गया। साथ ही जयस्तंभ क्षेत्र में रोजगार एवं अन्य कार्यों के लिए प्रतिदिन आने वाले लोगों के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने सहित अन्य सुझाव भी दिए गए।


मौके पर जाकर देखेंगे व्यवहारिक समस्याएं


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि सभी समस्याओं का समाधान एक साथ नहीं हो सकता, लेकिन एक-एक समस्या का समाधान करते हुए व्यापक सुधार किया जा सकता है। बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर संबंधित क्षेत्रों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाएगा और सामने आने वाली व्यवहारिक समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मूल उद्देश्य आमजन को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना और शहर की व्यवस्थाओं को अधिक व्यवस्थित बनाना है।


व्यवस्था सुधार में वॉलंटियर्स की महत्वपूर्ण भूमिका


कलेक्टर ने कहा कि यातायात एवं शहर की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने वॉलंटियर्स की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में सहयोग लिया जाएगा।


Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.