बुरहानपुर/23 मई, 2022/- मध्य प्रदेश शासन द्वारा देश, विदेशों के पर्यटकों तथा यात्रियों को ठहरने के लिए स्वच्छ व किफायती स्थान उपलब्ध कराने तथा पर्यटकों को भारतीय परिवारों के साथ रूकने से उन्हें भारतीय संस्कृति, परम्पराओं एवं भारतीय भोजन के अवसरों से रूबरू कराने के लिए प्रदेश में होम स्टे की नवीन योजनाओं का लागू किया गया है।
प्रदेश में मध्य प्रदेश होम स्टे स्थापना (पंजीयन तथा नियमन) योजना 2010, संशोधित 2018 में लागू किया गया था, इस योजना में सम्पत्तिधारकों एवं पर्यटकों की बढ़ती रूचि को देखते हुए तीन नवीन योजनाओं ‘‘मध्य प्रदेश बेड एण्ड ब्रेकफास्ट स्थापना (पंजीयन तथा नियमन) योजना, 2019‘‘ ‘‘मध्य प्रदेश फार्म स्टे स्थापना (पंजीयन तथा नियमन) योजना, 2019,, मध्य प्रदेश ग्राम स्टे स्थापना (पंजीयन तथा नियमन) योजना, 2019 को लागू किया गया है।
इन योजनाओं में सम्पत्ति के मालिक अपने आवास का कुछ हिस्सा पर्यटकों को रहने के लिए उपलब्ध करा सकेंगे तथा उन्हें भोजन सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएँ भी उपलब्ध करा सकेंगे। ऐसा करने से आवासी सम्पत्ति का उपयोग वाणिज्यिक नहीं माना जायेगा, फलस्वरूप जल कर, सम्पत्ति कर आदि सामान्य आवासीय इकाई के समान देय होंगे। पर्यटकों को भोजन देने के लिए कोई अतिरिक्त फूड अथवा रेस्टॉरेंट लायसेंस लेने की आवश्यकता भी नहीं होगी। सम्पत्तिधारक को समय-समय पर प्रोत्साहन देने का प्रावधान योजनाओं में किया गया है।
बुरहानपुर जिले में जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा समय-समय पर शासन के निर्देशानुसार बैठकें आयोजित कर जिले के पर्यटन एवं विकास के संदर्भ में कार्य किया जाता है। अब बुरहानपुर जिला केला फसल के साथ-साथ अपने पर्यटन की छाप दूर-दूर तक पहुँचा रहा है। बुरहानपुर पर्यटन को विस्तारित करने हेतु होम स्टे योजना मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा लायी गई है। जिसके अंतर्गत जिले में आने वाले पर्यटकों को ठहरने सहित अन्य मूलभूत सुविधाएँ घर सा माहौल के साथ दी जा रही है।
जानकारी अनुसार जिले में बुरहानपुर से मात्र 18 किलो मीटर दूरी पर राम मंदिर के पास आदित्य विला धामनगांव में श्री किशोर पाटील के यहां होम स्टे योजना के तहत व्यवस्थाएँ दी जा रही है। पर्यटकों को लुभाने एवं जिले की संस्कृति से रूबरू कराने का यह एक सराहनीय प्रयास है। जहां पर्यटकों को घर जैसा माहौल एवं सुविधाएंँ दी जा रही है। इसके साथ ही शहजादा आसिफ खान के द्वारा भी होम स्टे योजना के तहत सेवाएंँ दी जाती है।

