नदी क्षेत्र का पैदल निरीक्षण और विशेषज्ञ दल बनाने पर चर्चा
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में “पुनर्जीवन की सार्थक पहल” थीम के अंतर्गत गुनिया नदी के बुनियादी सुधार एवं पुनर्जीवन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि अभियान 23 मार्च से प्रारंभ किया जाएगा, जिसे चरणबद्ध तरीके से बीच-बीच में अंतराल देते हुए संचालित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देश दिए कि अभियान प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं तथा कार्य हेतु आवश्यक मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान सुझाव दिया गया कि निकाले गए मलबे का समुचित निस्तारण चिन्हित स्थानों अथवा बड़े गड्ढों में किया जाए।
एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडे द्वारा कार्य प्रारंभ करने हेतु 18 बिंदुओं का प्रारूप प्रस्तुत किया गया। इस पर कलेक्टर ने नगरीय प्रशासन को आवश्यक मशीनरी की तैयारी, एसडीएम को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा एसडीओपी को आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि लगभग 4 किलोमीटर लंबे नदी मार्ग का प्रारंभ से अंत तक पैदल निरीक्षण किया जाए, जिससे संभावित व्यू प्वाइंट्स एवं विकास योग्य स्थलों की पहचान की जा सके। साथ ही, कार्य के लिए विशेषज्ञों को शामिल करते हुए दल गठित करने एवं कार्य के दौरान वालंटियर की तैनाती कर मशीनरी के प्रभावी उपयोग की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के समापन पर कलेक्टर ने कहा कि आगामी त्योहारों के उपरांत शहर के विभिन्न स्थानों का चिह्नित कर अतिक्रमण के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, उप वनमंडलाधिकारी श्री नीरज निश्चल (भा.व.से.), एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पाण्डेय सहित शहर के समाजसेवी एवं नागरिक उपस्थित थे।
