Type Here to Get Search Results !

आत्मा योजना अन्तर्गत राधौगढ के ग्राम पंचायत भुलाय में कृषक संगोष्ठी सम्पन्न


गुना 

किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की आत्मा योजना अंतर्गत कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन में विकासखंड राघौगढ़ की ग्राम पंचायत भुलाय में कृषक संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन उपसंचालक कृषि श्री संजीव कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।

संगोष्ठी में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी राघौगढ़ श्री संतोष कुमार शर्मा ने किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि किसान किस प्रकार इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों को पोर्टल पर किसान पंजीयन प्रक्रिया, ग्रीष्मकालीन फसलों की खेती तथा नरवाई प्रबंधन के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी।

इसके पश्चात बीटीएम बमोरी श्री मुरारी लाल त्यागी ने किसानों से जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट निर्माण की विधि एवं उपयोगिता समझाते हुए किसानों को अपने खेत के लिए उत्तम बीज घर पर ही तैयार करने की सलाह दी, जिससे खेती की लागत में कमी लाई जा सके।

बीटीएम गुना डॉ. मनमोहन भूरिया ने विभिन्न फसलों में लगने वाले रोग एवं कीटों की जानकारी देते हुए उनके नियंत्रण के उपाय बताए। साथ ही जीवामृत, दशपर्णी अर्क आदि प्राकृतिक खेती के महत्वपूर्ण घटकों को तैयार करने की विधि भी किसानों को समझाई।

कृषि विज्ञान केंद्र आरोन के वैज्ञानिक डॉ. वरुण प्रताप सिंह ने किसानों को खेती को लाभ के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन युवाओं के लिए आय का अच्छा साधन बन सकता है।

बीटीएम आरोन श्री आर.एस. लोधा ने किसानों को उद्यानिकी फसलों, फल, सब्जी एवं पुष्प की खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा उन्होंने किसानों को नर्सरी प्रबंधन के संबंध में भी जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के अंत में बीटीएम राघौगढ़ श्री सुनील ने उपस्थित किसानों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। संगोष्ठी में ग्राम पंचायत के प्रगतिशील कृषक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.