गेहूं उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा, एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर
शिवपुरी स्वास्थ्य शिविर में अधिक से अधिक मरीज हो लाभान्वित, पंजीयन के लिए क्यूआर कोड की भी सुविधा
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा से की गई। कलेक्टर श्री कन्याल ने सभी विभागों को 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें तथ्यात्मक हैं, उनका शीघ्र समाधान किया जाए। अन्य शिकायतों को नियमानुसार प्रस्तावना के साथ अग्रेषित किया जाए। किसी भी स्थिति में शिकायतें लंबित नहीं रहनी चाहिए।
बैठक में गेहूं उपार्जन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अवधेश पाण्डेय को गेहूं उपार्जन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे सामान्य कैंसर है। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन लगवाने से इस बीमारी की संभावना काफी कम हो जाती है। यह वैक्सीन सुरक्षित है और इसका कोई गंभीर साइड इफेक्ट नहीं है।
कलेक्टर श्री कन्याल ने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिये सभी एसडीएम और महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ समन्वय कर विस्तृत कार्य योजना बनाकर कार्य करें।
टीएल बैठक के उपरांत शिवपुरी में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविर को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह हमारे जिले के लिए भी एक अच्छा अवसर है कि अधिक से अधिक मरीजों को शिवपुरी स्वास्थ्य शिविर में भेजा जाए, ताकि वे वहां उपलब्ध विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले सकें। उन्होंने बताया कि शिविर में पंजीयन की सुविधा को सरल बनाने के लिए क्यूआर कोड की व्यवस्था भी की गई है, जिसे स्कैन कर मरीज सीधे अपना पंजीयन करा सकते हैं।
बैठक में यह जानकारी भी दी गई कि शिवपुरी स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के लिए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा गुना जिले से रेडक्रॉस के माध्यम से 5 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अरविंद सिकरवार, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया तथा सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित अन्य जिले अधिकारी भी उपस्थित रहे।
