गुना
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बीनागंज में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी (HPV) वैक्सीन का टीकाकरण किया गया। इस अवसर पर एसडीएम चांचौड़ा श्री मालवीय द्वारा बीएमओ की उपस्थिति में टीकाकरण करवाने वाली बालिकाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान श्री मालवीय ने टीकाकरण के लिए उपस्थित बालिकाओं से एचपीवी संक्रमण और इससे होने वाले सर्वाइकल कैंसर के संबंध में चर्चा करते हुए उन्हें जागरूक किया तथा स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी।
टीकाकरण कार्यक्रम के पश्चात बीएमओ, बीईओ और बीआरसी की उपस्थिति में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बीनागंज में अनुभाग के समस्त जनशिक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे एचपीवी टीकाकरण के लिए पात्र बालिकाओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करें। इसके लिए पालक-शिक्षक संघ की बैठक आयोजित कर बालिकाओं के माता-पिता को एचपीवी टीकाकरण के महत्व के बारे में समझाइश देकर जागरूक किया जाए।
