दिनांक 17 मार्च को शिवपुरी में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों की समीक्षा
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी 17 मार्च से 24 मार्च तक शिवपुरी में आयोजित होने वाले विशेष स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों पर चर्चा की गई। कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देश दिए कि गुना जिले के ऐसे पंजीकृत मरीज, जिनका इलाज जिले में उपलब्ध नहीं है, उनका उपचार इस विशेष स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से कराया जाए। इसके लिए संबंधित मरीजों को चिन्हित कर उन्हें शिवपुरी तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि मरीजों को शिवपुरी ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था की जाए, ताकि सभी पंजीकृत मरीज समय पर शिविर तक पहुंच सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक दिन प्रत्येक ब्लॉक से दो बसें शिवपुरी के लिए रवाना की जाएं, जिससे मरीजों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मरीजों के समन्वय एवं मार्गदर्शन के लिए गुना में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए, जहां से मरीजों को शिवपुरी भेजने की पूरी व्यवस्था की जाएगी। इसी प्रकार शिवपुरी में भी कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, ताकि वहां पहुंचने वाले मरीजों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो सके।
