गुना
कलेक्टर गुना श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पांडे के मार्गदर्शन में गुना शहर में सड़क चौड़ीकरण कार्य को लेकर गुरुवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाया। बूढ़े बालाजी से हनुमान टेकरी तक निर्माणाधीन सड़क के दोनों किनारों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए पुलिस, नगर पालिका और राजस्व विभाग की टीम ने मिलकर कार्रवाई की।
प्रशासन द्वारा पहले ही सड़क के दोनों ओर लाल रंग से निशान लगाकर अतिक्रमण चिन्हित कर दिए गए थे और संबंधित लोगों को इसकी जानकारी भी दे दी गई थी। उसी क्रम में आज चिन्हित अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई, ताकि सड़क का निर्माण समान चौड़ाई में पूरा किया जा सके।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस अभियान के दौरान किसी भी निजी भूमि पर बने मकान या स्थायी संरचना को नहीं तोड़ा गया है। केवल सड़क सीमा में किए गए स्थाई एवं अस्थाई अवैध अतिक्रमण को ही हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार श्री जी.एस. बैरवा के नेतृत्व में पुलिस बल, राजस्व विभाग तथा नगर पालिका की टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी
