कल 07 अप्रैल को मंत्रालय में होगा प्रतिभा सम्मान समारोह
माननीय उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल रहेंगे मुख्य अतिथि
मंत्रालय की आग बुझाने वाले कर्मचारियों तथा 17 वर्ष से मंत्रालय के सामने वंदे मातरम् गायन करने वाली टीम को भी सम्मानित किया जाएगा
कर्मचारी मुद्दे प्रमुखता से उठाने वाले पत्रकार साथियों को भी किया जायेगा सम्मानित
पूर्व वर्षों की भांति कल मंत्रालय वल्लभ भवन क्रमांक 01 पांचवीं मंजिल स्थित कक्ष क्रमांक 506 में अपराह्न 01 बजे से प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन मंत्रालय सेवा अधिकारी कर्मचारी संघ द्वारा किया जा रहा है। पूर्व में प्रत्येक वर्ष मंत्रालय का कर्मचारी संगठन मंत्रालय परिवार के प्रतिभाशाली बच्चों का सम्मान समारोह आयोजित करता था परंतु कोरोना महामारी के बाद यह परंपरा बाधित हो गई थी जिसे इस वर्ष से पुनः आरंभ किया जा रहा है। मंत्रालय का यह कार्यक्रम बहुत लोकप्रिय रहा है क्योंकि इसमें प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित करने के अलावा प्रत्येक वर्ष कुछ नया किया जाता था। प्रत्येक वर्ष उस वर्ष के लोक सेवा आयोग टापर को बुलाकर उसे सम्मानित किया जाता था और उसके द्वारा बच्चों को सफलता के टिप्स दिलाये जाते थे। इस कार्यक्रम में सिंगल पेरेंट्स, योगाभ्यास करने वाले कर्मचारियों, साइकिल से आफिस आने वाले कर्मचारियों,गौ सेवा करने वाले, अपने माता-पिता को साथ में रखकर उनकी सेवा करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने जैसे नवाचार भी पूर्व के वर्षों में किए गए थे जो चर्चित रहे थे।
इस वर्ष प्रतिभाशाली बच्चों के अलावा स्वयं को ख़तरे में डालकर मंत्रालय में लगी आग बुझाने वाले कर्मचारियों,2019 में सुशील चंद्र वर्मा पुरस्कार हेतु चयनित परंतु पुरस्कार योजना अचानक बंद हो जाने से वंचित रहे कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जायेगा। इसके अलावा दो कर्मचारी श्री ओपी शर्मा और श्रीमती कविता शिरोले जिनकी पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं को भी सम्मानित किया जायेगा। खेलकूद में पदक जीतने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जायेगा। प्रत्येक महीने के प्रथम कार्य दिवस पर मंत्रालय के सामने वंदे मातरम् गायन करने वाली टीम को भी सम्मानित किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल रहेंगे। क्षेत्रीय विधायक श्री भगवान दास सबनानी जी को भी आमंत्रित किया गया है।
कर्मचारी मुद्दे प्रमुखता से उठाने वाले पत्रकार साथियों को भी सम्मानित किया जायेगा।
यह कुछ वर्षों से बंद कार्यक्रम पुनः आरंभ होने से मंत्रालयीन अधिकारियों कर्मचारियों में हर्ष व्याप्त है।
इंजी सुधीर नायक अध्यक्ष
मंत्रालय सेवा अधिकारी कर्मचारी संघ
