गुना में परिवहन विभाग का चेकिंग अभियान, नियम उल्लंघन पर 07 हजार रुपए जुर्माना वसूला
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार परिवहन विभाग द्वारा गुना शहर में दो खम्बा तिराहे पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्री बसों की जांच की गई।
आज चेकिंग के दौरान कुल 23 वाहनों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 7 वाहनों में फायर सेफ्टी उपकरणों की कमी सहित अन्य आवश्यक मानकों का पालन नहीं पाया गया। नियमों की अनदेखी करने वाले इन वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग द्वारा कुल 07 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग द्वारा वाहन संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने वाहनों में सभी सुरक्षा मानकों, विशेषकर फायर सेफ्टी उपकरणों को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि से बचा जा सके।
इस चेकिंग अभियान में चेकपॉइंट प्रभारी श्री संतोष सिंह तोमर, महेश मांझी, सैनिक प्रकाश जाटव, हरिओम रघुवंशी अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। परिवहन विभाग द्वारा भविष्य में भी इस तरह के नियमित अभियान जारी रखने की बात कही गई है, जिससे सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाया जा सके।
