नपा गुना की स्वच्छता मुहिम, हटाये गये अतिक्रमण जुर्माना अधिरोपित
गुना
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री मंजुषा खत्री के नेतृत्व में नगर पालिका का तकनीकी अमला, स्वच्छता अमला एवं अतिक्रमण अमले के साथ आज प्रात:कालीन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण किया एवं स्वच्छता कार्य का निरीक्षण के साथ अतिक्रमण विरोधी मुहिम भी चलाई गई। इस दौरान अतिक्रामकों के चालान भी बनाए गए।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा आज प्रात: हाट रोड पर स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया, इस दौरान हाट रोड रपटे के पास फल विक्रेताओं को पूर्व में समझाइश दी गई थी, उसके बावजूद पूरी सड़क को घेर कर व्यवसाय करने के कारण उनके ठेलों की जप्ति की गई तथा चालानी कार्रवाही की गई।
मीट मार्केट में शिफ्ट होंगे सभी मीट विक्रेता
भ्रमण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री मंजुषा खत्री द्वारा स्लॉटर हाउस जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्लॉटर हाउस के बाहर मीट का व्यवसाय कर रहे सभी व्यवसायियों को मीट मार्केट में शिफ्ट होने के निर्देश दिए, अन्यथा की दशा में उनके लाइसेंस रद्द करने तथा नियमित रूप से चालानी कार्रवाही एवं जप्ती की कार्रवाही करने के निर्देश नपा अमले को दिए। उन्होंने नपा अमले को तत्काल दोपहर में स्लॉटर हाउस की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए। लक्ष्मीगंज मंदिर गली में पानी की निकासी को अवरुद्ध करने वाले अतिक्रमण हटाये गये। मन्दिर गली में नाश्ता विक्रय करने वालों द्वारा सड़क पर कचरा फैलाने तथा दो डस्टबिन नहीं पाये जाने पर एक-एक हजार रुपये की चालानी कार्रवाही की गई। साथ ही सभी नाश्ता विक्रेताओं को अपनी दुकान के दायरे में ही व्यवसाय करने की हिदायत दी, तथा गली में आवागमन को बाधित नहीं करने तथा ग्राहकों को अपने वाहन गली से बाहर,साइड से लगाने के भी निर्देश दुकानदारों को दिए।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सोनी, उपयंत्री नितिन चंदेल, स्वास्थ्य अधिकारी शिवराज सिंह सिकरवार, विवेक श्रीवास्तव, राजेश सिलवट, शकील खान, अमित आर्य, बृजमोहन खरे,डिफेंस जादौन के साथ अतिक्रमण दस्ता उपस्थित रहा।
