Type Here to Get Search Results !

समय सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश: जनहित, समन्वय और त्वरित समाधान पर जोर

 समय सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश: जनहित, समन्वय और त्वरित समाधान पर जोर

 


मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, आईएसओ सर्टिफिकेशन एवं सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा


गुना, 


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में समय सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


विद्यार्थियों से संवाद एवं सम्मान


बैठक की शुरुआत में कलेक्टर द्वारा माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में प्रदेश स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुष्पमाला पहनाकर, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं में नितिन जाट एवं वेद रघुवंशी ने पांचवां स्थान तथा कु. आर्या शर्मा ने नौवां स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 12वीं में कु. धाणी बंसल ने पांचवां स्थान तथा कु. कृष्णा धाकड़ एवं कु. गायत्री राजपूत ने छठवां स्थान प्राप्त किया।  कलेक्टर ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


आईएसओ सर्टिफिकेशन हेतु दिशा-निर्देश


बैठक में आईएसओ सर्टिफिकेशन के संबंध में शिवांशु तिवारी द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि फाइल ट्रैकिंग सिस्टम को मजबूत बनाया जाए, जिससे किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की अनुपस्थिति में भी आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके। फाइलों की लिस्टिंग एवं इंडेक्सिंग, अलमारियों पर स्पष्ट विवरण तथा इंडेक्स की प्रतियां विभिन्न स्तरों पर रखने की बात बताई। साथ ही कार्यालय भवन में लेआउट, दिशा-सूचक बोर्ड एवं विभागीय संकेतकों की सुव्यवस्थित व्यवस्था पर बल देना के साथ अन्य मानकों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया सर्टिफिकेशन के लिए कर्मचारियों के आई-कार्ड में आपातकालीन संपर्क नंबर एवं ब्लड ग्रुप अंकित होने की जानकारी दी। कलेक्टर ने हॉर्टिकल्चर विभाग को हरियाली संबंधी मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने तथा ई-पीडब्ल्यूडी को भवन की रंगाई-पुताई एवं संकेतक बोर्डों की व्यवस्था करने को कहा।


सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा


बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।


नरवाई जलाने पर सख्ती के निर्देश


कलेक्टर ने नरवाई जलाने की घटनाओं पर सख्ती बरतते हुए कृषि, राजस्व एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। किसानों को जागरूक करते हुए पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाने एवं निर्देशों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई करने के लिए कहा।


उपार्जन, अवैध खनन एवं परिवहन पर निगरानी


उन्होंने सभी एसडीएम को उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण करने, अवैध खनन गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा आरटीओ विभाग के साथ समन्वय कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


जनगणना एवं स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस


कलेक्टर ने जनगणना कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने एवं पोर्टल व ऐप के माध्यम से जानकारी अद्यतन करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एसडीएम को रोस्टर बनाकर अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करने के लिए कहा गया।


बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित एवं शासन की मंशा के अनुरूप दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.