सामाजिक सुरक्षा पेंशन इस विश्वास का अंतरण है कि सरकार हर घड़ी जरूरतमंदों के साथ है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया 33.45 लाख से अधिक हितग्राहियों को 200 करोड़ रुपये से अधिक पेंशन राशि का अंतरण
गुना जिले के कुल 28 हजार 521 हितग्राहियों को कुल 1 करोड़ 71 लाख 12 हजार राशि का अंतरण
गुना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा समाज के सभी निर्धन, निराश्रित, वृद्धजनों, कल्याणी, परित्यक्ता, अविवाहिता एवं दिव्यांगजनों के कल्याण एवं आर्थिक सहायता के लिए विभिन्न प्रकार की पेंशन योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दी जाने वाली यह सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, यह सरकार के उस विश्वास का अंतरण है, जो इस बात का प्रतीक है कि सरकार हर परिस्थिति में हर घड़ी जरूरतमंदों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को मंत्रालय से समग्र पेंशन योजना के तहत प्रदेश के 33 लाख 45 हजार 231 हितग्राहियों के बैंक खातों में मार्च पेड अप्रैल की 200 करोड़ 71 लाख रुपये की पेंशन राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिला कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष में किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, प्रभारी उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री अब्दुल गफ्फार सहित हितग्राहीजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुना जिले के कुल 28 हजार 521 हितग्राहियों को कुल राशि 1 करोड़ 71 लाख 12 हजार का अंतरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल द्वारा उपस्थित हितग्राहियों से संवाद भी किया गया।
