*ऑनलाईन सट्टे के विरूद्ध गुना पुलिस की लगातार कार्यवाही*
*आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टे के बड़े गिरोह का किया भंडाफोड़*
धरनावदा थाना क्षेत्र में थार गाड़ी में बैठकर चला रहे थे अवैध सट्टा कारोबार
*जिला बदर कुख्यात बदमाश विकाश पाटिल सहित आरोपी दिव्यांशु उर्फ नैनो एवं शुभम उर्फ टीआई गिरफ्तार*
*आरोपी दिव्यांशु शर्मा को भी पूर्व में किया था जिला बदर, हाल ही में जिला बदर अविध पूरी होते ही पुन: आपराधिक गतिविधयों में हुआ संलिप्त*
*आरोपी विकास पाटिल एवं दिव्यांशु शर्मा पर पूर्व में भी की जा चुकी है सट्टे की कार्यवाही एवं हथियार तस्करी के बड़े गिरोह में थे शामिल*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में जुआ, सट्टा आदि अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने इन गतिविधियों में संलिप्त माफियाओं, तस्करों, कारोबारियों आदि के विरूद्ध निरंतर सख्त और प्रभावी कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण तथा डीएसपी श्री आनंद राय के नेतृत्व में धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रूहिल शर्मा और विशेष टीम द्वारा आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाईन सट्टा संचालित करते हुए बड़े और अंतर्राज्यीय संगठित गिरोह का पर्दाफास किया गया है । जिसमें जिला बदर कुख्यात बदमाश विकास पाटिल सहित बदमाश दिव्यांशु शर्मा उर्फ नैनो व शुभम साहू उर्फ टीआई को गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 22 अप्रेल 2026 की रात में पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि धरनावदा थानांतर्गत रूठियाई चौकी द्वोत्र में हाईवे पर मिडवे ट्रीट के पास एक थार गाड़ी में कुछ व्यक्ति आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहे हैं ।
उक्त सूचना को पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा संवेदनशीलता से लेकर तुरंत पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर कार्यवाही हेतु रवाना की गई । पुलिस टीम द्वारा बिना कोई देरी किए तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई, जहां पर एक थार कार में तीन संदिग्ध व्यक्ति मोबाइल फोन पर गतिविधियां करते हुए दिखाई दिए । पुलिस की घेराबंदी देखते ही कार में सबार तीनों व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस फोर्स द्वारा तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया गया । पूछताछ पर जिनके द्वारा अपने नाम 1-विकास पाटिल पुत्र प्रकाश राव उम्र 27 वर्ष निवासी बलवंत नगर गुना, 2-दिव्यांशु उर्फ नैनो पुत्र विष्णुप्रसाद शर्मा उम्र 24 वर्ष निवासी विकास नगर गुना एवं 3-शुभम उर्फ टीआई पुत्र नीरज साहू उम्र 25 वर्ष निवासी जाट मोहल्ला गुना के बताए । पुलिस द्वारा आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच करने पर उनमें विभिन्न ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट्स एवं आईडी संचालित होना पाया गया । पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित रूप से ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित कर रहे थे तथा विभिन्न व्यक्तियों को यूजर आईडी एवं पासवर्ड उपलब्ध कराते थे । जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी विभिन्न जिलों के व्यक्तियों को आईडी उपलब्ध कराकर सट्टा खिलाने का कार्य कर रहे थे । सट्टा खेलने-खिलाने के इस गिरोह में अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने हैं, जिन्हें भी एफआईआर में आरोपी नामजद किया गया है एवं अन्य संदिग्धों की जांच जारी है । पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 04 मोबाईल फोन कीमती 3.50 लाख रूपये, 31700/-रूपये नगदी एवं बिना नंबर एक थार कार कीमती 20 लाख रूपये सहित कुल कीमती करीब 24 लाख रूपये का मशुरूका बरामद किया गया है ।
गौरतलब है कि ऑनलाईन सट्टा खिलाते हुए गिरफ्तारशुदा आरोपी विकास पाटिल एवं दिव्यांशु उर्फ नैनो आदतन अपराधी हैं, जिनका पूर्व का भी आपराधिक इतिहास है । आरोपी दिव्यांशु उर्फ नैनो के विरूद्ध थाना कोतवाली व केंट में मारपीट, आर्म्स एक्ट, सट्टा एक्ट, एससीएसटी एक्ट, आबकारी एक्ट, हत्या का प्रयास, लोक संपत्ती नुकसान अधिनियम आदि गंभीर धाराओं में 17 प्रकरण दर्ज पाए गए हैं तथा आरोपी विकास पाटिल के विरूद्ध थाना कोतवाली व केंट में मारपीट, आर्म्स एक्ट, सट्टा एक्ट, एससीएसटी एक्ट, आबकारी एक्ट, हत्या का प्रयास, आईटी एक्ट, धोखाधड़ी, लोक संपत्ती नुकसान अधिनियम आदि धाराओं में 20 प्रकरण दर्ज पाए गए हैं ।
इसके अलावा एवं आरोपी दिव्यांशु उर्फ नेनो का पूर्व में जिला बदर किया गया था और जिसकी हाल ही में जिला बदर अवधि समाप्त हुई तथा आरोपी विकाश पाटिल की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाए जाने हेतु जिला दण्डाधिकारी महोदय द्वारा दिनांक 20 मई 2025 को उसे एक वर्ष के लिए गुना जिला व आसपास के जिले अशोकनगर, शिवपुरी, राजगढ़, विदिशा आदि की सीमा से जिला बदर किया गया था, जिसके बावजूद वह जिला बदर आदेश का उल्लंघन करते हुए जिले में पाया गया । इस पर आरोपी विकाश पाटिल के विरूद्ध मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत भी कार्यवाही की गई है । आरोपियों के विरूद्ध धरनावदा थाने में अप.क्र. 84/26 धारा 4(क) सट्टा अधिनियम, 112(1), 223(क) बीएनएस एवं मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया । इस प्रकार गुना पुलिस की सूझबूझ, सतत तकनीकी जांच एवं त्वरित कार्यवाही के परिणामस्वरूप एक बड़े और संगठित ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश हुआ है ।
गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि ऑनलाइन सट्टा एवं अवैध गतिविधियों से दूर रहें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें ।
गुना पुलिस की यह कार्यवाही जिले में अवैध सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध एक सशक्त संदेश है कि कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा ।
ऑनलाईन सट्टे के विरुद्ध गुना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में डीएसपी श्री आनंद राय के नेतृत्व में धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रूहिल शर्मा, सउनि रामगोपाल सिंह तोमर, आरक्षक ऋषीकेश शर्मा, आरक्षक नीरज शर्मा, आरक्षक रघुकुल मिश्रा, आरक्षक सचिन तोमर, आरक्षक सत्येन्द्र गुर्जर, आरक्षक विनीत लोधी एवं साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक नीलेश रघुवंशी, आरक्षक राजीव रघुवंशी, आरक्षक नवदीप अग्रवाल, आरक्षक आदित्य सिंह कौरव, आरक्षक भूपेंद्र खटीक एवं आरक्षक अभय रघुवंशी का सराहनीय योगदान रहा है ।
