टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत सीएम राइस स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय निक्षय अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न ग्रामों में टीबी स्क्रीनिंग शिविर तथा विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में सीएम राइज स्कूल बरखेड़ा हाट, आरोन ब्लॉक में टीबी जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. अनुराग जैन (जिला क्षय अधिकारी) एवं विपिन सक्सेना (जिला टीबी-एचआईवी समन्वयक) द्वारा विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार की विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि टीबी अब लाइलाज बीमारी नहीं है। समय पर जांच एवं पूर्ण उपचार से टीबी को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। टीबी की जांच एवं उपचार की सुविधा सभी शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध है। साथ ही दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी रहने पर तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करने की अपील की गई।
विद्यालय के प्राचार्य श्री यशवंत सिंह धाकड़ द्वारा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ से अपने गाँव एवं जिले को टीबी मुक्त बनाने की मुहिम में सक्रिय सहयोगी बनने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ के साथ स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी ममता उपस्थित रहीं।
