“यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, छात्र-छात्राओं को दिलाई गई नियम पालन की शपथ”
पुलिस अधीक्षक गुना, श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में जिले में पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे है । अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं डीएसपी ट्रैफिक श्री मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में इन अभियान को प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है ।
इसी क्रम में आज दिनांक 10 अप्रैल 2026 को गुना मुख्यालय स्थित अनुराधा गली में शासकीय उच्चतर (कन्या) माध्यमिक विद्यालय में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में थाना प्रभारी (यातायात) निरीक्षक श्री अजय प्रताप सिंह द्वारा उपस्थित छात्राओं एवं शिक्षकगण को यातायात नियमों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई । उन्होंने सभी को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि—
• सड़क हमेशा ज़ेब्रा क्रॉसिंग से ही पार करनी चाहिए ।
• ज़ेब्रा क्रॉसिंग न होने पर दाएं-बाएं देखकर सावधानीपूर्वक सड़क पार करें।
• सड़क पर दौड़ते हुए या खेलते हुए पार नहीं करना चाहिए।
• ऑटो, बस या अन्य वाहन में बैठते समय शरीर का कोई भाग बाहर न निकालें ।
• साइकिल चलाते समय बाईं ओर चलें तथा सावधानी रखें।
• सड़क पर चलते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें ।
• हमेशा ट्रैफिक सिग्नल एवं नियमों का पालन करें ।
उन्होंने यह भी बताया कि यातायात नियमों का पालन करना जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। साथ ही विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे अपने माता-पिता, भाई-बहनों एवं अन्य परिजनों को भी इन नियमों के पालन हेतु प्रेरित करें ।
कार्यक्रम के दौरान राहवीर योजना, प्रधानमंत्री राहत योजना एवं हिट एंड रन प्रतिकार योजना सहित पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जन-जागरूकता अभियानों की जानकारी भी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त महिला अपराध, साइबर अपराध से बचाव के उपाय, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया ।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों का संतोषजनक समाधान किया गया। उत्कृष्ट प्रश्न पूछने वाले विद्यार्थियों को यातायात निरीक्षक द्वारा प्रोत्साहन स्वरूप ड्राइंग बुक एवं रंग भेंट किए गए । तत्पश्चात सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण को शपथ दिलाई गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के मार्गदर्शन में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे आमजन में कानून के प्रति सम्मान एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता में निरंतर वृद्धि हो सके ।
