Type Here to Get Search Results !

अतिक्रमण पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, पुलिस एवं नगर पालिका की संयुक्त कार्यवाही

 अतिक्रमण पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, पुलिस एवं नगर पालिका की संयुक्त कार्यवाही



*जयस्तंभ चौराहे से बजरंगगढ रोड ओवरब्रिज तक चलाया अतिक्रमण विरोधी अभियान*


*अतिक्रमण कर रखे गए सामान को जप्त कर की गई चालानी कार्यवाही*


               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में शहर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने हेतु गुना पुलिस द्वारा निरंतर यातायात जागरुकता कार्यक्रम एवं चालानी कार्यवाही की जा रहीं है । इसी क्रम में आज यातायात पुलिस एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम द्वारा सख्त अतिक्रमण विरोधी अभियान संचालित किया गया । यह अभियान शहर के व्यस्ततम मार्ग जय स्तंभ चौराहा से बजरंगगढ़ रोड स्थित फ्लाईओवर तक व्यापक स्तर पर चलाया गया, जहां सड़क के दोनों ओर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई ।


               अभियान के दौरान सड़क किनारे एवं मार्ग पर अवैध रूप से फैलाए गए दुकानों के सामान, ठेले एवं अन्य सामग्री को हटवाया गया तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही करते हुए कुल 8,000/- रुपये का जुर्माना वसूला गया । इसके अतिरिक्त फ्लाईओवर के नीचे सड़क पर रखे गए सामान के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की गई। यातायात बाधित करने वाली सामग्री को जब्त किया गया एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध चालान बनाए गए ।


               संयुक्त टीम द्वारा अभियान के दौरान सभी दुकानदारों एवं संबंधित व्यक्तियों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि भविष्य में सड़क अथवा सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी ।


               यह अभियान न केवल यातायात को सुचारु बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि आमजन को सुरक्षित एवं सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध कराने की प्रशासन की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है ।


               प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध इस प्रकार की कार्यवाही अब प्रतिदिन निरंतर जारी रखी जाएगी, ताकि यातायात में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और नागरिकों को एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण प्राप्त हो सके । आमजन एवं व्यापारियों से अपील है कि नियमों का पालन करें, सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखें तथा शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में प्रशासन का सहयोग करें ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.