03 गांवों में आबकारी विभाग की दबिश, जलती हुई भट्टी नष्ट
20 लीटर हाथभट्टी शराब एवं 400 किलो गुड़ लाहन जब्त, 03 प्रकरण दर्ज
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय, संग्रहण, परिवहन एवं जहरीली शराब के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त आबकारी ग्वालियर संभाग श्री संदीप शर्मा के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी श्री गुरुप्रसाद केवट के मार्गदर्शन में शनिवार को आबकारी विभाग द्वारा कार्रवाई की गई।
आबकारी वृत्त गुना-1 के प्रभारी राधाकिशन अटारिया के नेतृत्व में ग्राम पीपलखेड़ी, भिदरा एवं हरिपुर में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान ग्राम हरिपुर में एक जलती हुई भट्टी संचालित अवस्था में पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)A एवं 34(1)F के तहत कुल 03 प्रकरण दर्ज किए गए। टीम द्वारा 20 लीटर हाथभट्टी मदिरा एवं लगभग 400 किलोग्राम गुड़ लाहन जब्त किया गया। लाहन की अधिक मात्रा एवं परिवहन में असमर्थता के कारण आवश्यक सैंपल लेकर शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 22 हजार रुपये बताया गया है।
उक्त कार्रवाई में आबकारी मुख्य आरक्षक रामहेत सिंह कुशवाह, आबकारी आरक्षक दिनेश कुमार राठौर, अरुण कुमार शर्मा, गोविंद सिंह मीणा तथा महिला आरक्षक पूजा रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध लगातार सघन कार्रवाई जारी रखी जा रही है।
